बंद रहा सराफा बाजार, व्यापारियों ने दिया धरना
जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और वारदात का पर्दाफाश करने की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। मोहल्ला तिलक नगर निवासी ज्वैलर्स महेश वर्मा से बुधवार रात हुई लूट की घटना से व्यापारी गुस्से में हैं। बृहस्पतिवार को आसफाबाद सराफा बाजार कमेटी से जुड़े लोगों ने अपनी दुकानें बंद कर आसफाबाद फाटक के निकट धरना दिया। गौरतलब है कि एक माह में जिले में सात लूट की घटनाएं हुईं हैं। इससे व्यापारी दहशत में हैं।
व्यापारियों ने जल्द से जल्द वारदात का खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। कहा, जिले में बढ़ती लूट की घटनाओं को लेकर व्यापारी वर्ग दहशत में हैं। व्यापारियों ने सुरक्षा के लिए योगी सरकार को सहयोग कर मतदान किया था। इसके बाद भी भाजपा सरकार में व्यापारी पूरी तरह से सुरक्षित नहीं है। धरना प्रदर्शन के दौरान घटना के जल्द खुलासे व आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। धरने की सूचना मिलने पर दोपहर में सीओ सिटी हरिमोहन सिंह व्यापारियों को समझाने पहुंचे। तब जाकर व्यापारियों ने धरना समाप्त किया। इस अवसर पर अंबेश शर्मा, अनुज यादव, हरेश्वर यादव, सोनू राठौर, गोपाल चौहान, मोहन चौहान, गोविंद चौहान, गजेंद्र कुमार, मोनू यादव, सचिन चक, राजकुमार वर्मा, राजपाल यादव, मनोज कटियार, सुभाष यादव, अनिल गुप्ता, अभिषेक दीक्षित आदि मौजूद रहे।