सिरसागंज (फिरोजाबाद) । मंगलवार को तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में आईं 76 शिकायतों में से मात्र तीन शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। डीएम चंद्र विजय सिंह और एसएसपी अजय कुमार ने जिले के अधिकारियों के साथ शिकायतें सुनीं। अवैध कब्जा और भूमि विवाद से संबंधित शिकायतें काफी आईं।
कछियान गली निवासी भोगीलाल ने बिजली का लोड कम किए जाने की शिकायत की। सिरसाखास निवासिनी गुड्डी देवी ने आवास के लिए भूमि उपलब्ध कराने के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया। करहल रोड निवासी अवनीश कुमार, अजय, विजेंद्र सिंह आदि ने भू-माफिया द्वारा चकरोड पर अवैध कब्जा किए जाने की शिकायत की। नगला खंदारी निवासिनी लक्ष्मी देवी द्वारा पट्टे पर अवैध कब्जा किए जाने, कठफोरी निवासी सतीश बाबू द्वारा पड़ोसी के मकान में अवैध छज्जे को निर्माण किए जाने संबंधित शिकायती प्रार्थना पत्र दिया। 07 दिव्यांगों को दिव्यांग प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए। मुख्य विकास अधिकारी चर्चित गौड़, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नीता कुलश्रेष्ठ, ज्वांइट मजिस्ट्रेट एकता सिंह, क्षेत्राधिकारी इंदुवाला मौजूद रहीं।
डीएम ने यह दिए निर्देश
- आईजीआरएस पोर्टल पर लंबित संदर्भों को बुधवार की शाम तक हर हाल में निस्तारित करें।
- किसान सम्मान निधि योजना से पात्र किसानों को भी लाभान्वित किया जाए।
फरियादी बोले- महीनों से लगा रहे चक्कर पर नहीं मिल रहा समाधान
ग्राम धरमई निवासी सुरेश ने बताया कि वह पिछले दो सालों से अपने प्रमाण पत्र के लिए चक्कर काट रहा है लेकिन अभी तक समाधान नही मिला है।
सिरसागंज के आर्य गुरूकुल के पूर्व प्राचार्य गोविंद सिंह आर्य ने बताया कि गांव भावती मौजा में उनकी एक जमीन है वह मुकदमा जीत चुके हैं लेकिन इसके बाद भी उन्हें अपनी जमीन वापस नही मिल रही है। कई बार समाधान दिवस में अपना प्रार्थना पत्र दे चुके हैं लेकिन उन्हें कोई राहत नही मिल रही है।
अध्यापक नगर से आए धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि उनका राशन कार्ड नही बन पा रहा है जिसको लेकर वे नगर पालिका से लेकर समाधान दिवस में कई बार प्रार्थना पत्र दे चुके हैं लेकिन कोई सुनवाई नही हो रही है।