फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

देश में अमन चैन की दुआ मांगी

Sat, 18 Jul 2015 11:25 PM IST
prayers for peace in the country
विज्ञापन
विज्ञापन
फीरोजाबाद। ईद-उल-फितर सुहागनगरी में हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया। ईदगाह, जामा मस्जिद व शाही मस्जिद के साथ नगर की प्रमुख मस्जिदों में नमाज अदा करने के साथ मुल्क में अमन चैन की दुआ की गई। तकरीर में वर्मा में मुस्लिमों के हो रहे कत्लेआम के लिए दुआ करने का आह्वान किया। नमाज के बाद गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। इस मौके पर जिला एवं निगम प्रशासन की ओर से चाक चौबंद व्यवस्थाएं की गई थीं।
विज्ञापन

  ईदगाह समेत सभी प्रमुख मस्जिदों में नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की तैयारी पहले से कर ली गई थी। सुबह सात बजे से सुभाष तिराहे से बाजार की ओर आने वाले ट्रैफिक को बंद कर दिया। ईदगाह में मौलाना सफी कासमी ने सभी रोजेदारों से गुजारिश करते हुए कहा कि ईद उल फितर की नमाज के दौरान प्रत्येक नागरिक की खुशहाली तरक्की की दुआ करें। उन्होंने वर्मा में मुसलमानों के हो रहे कत्लेआम और इंसानियत की खैरख्वाही रखने वाले मुल्कों के बजीरेआला के द्वारा कोई ध्यान नहीं दिए जाने पर चिंता जाहिर की। आतंकवाद पर कटाक्ष करते हुए कहा कि मुसलमान कभी दहशतगर्दी के पक्षधर नहीं रहा। दहशतगर्द किसी वर्ग का हो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। ठीक सवा आठ बजे ईदगाह में नमाज मौलाना सफी कासमी ने नमाज अदा कराई। हजारों की संख्या में रोजेदारों के सिर अल्लाह-ताला के सजदे को झुके। देश में अमन, चैन एवं तरक्की की दुआ की। उन्होंने कहा कि देश अथवा प्रदेश में बदअमनी फैलाने वालों को अल्लाह इंसानियत की राह दिखाए। सदर बाजार स्थित जामा मस्जिद में शहर मुफ्ती अब्दुल अलीम ईसा ने कहा कि ईद का त्योहार मुहब्बत एवं अमन का संदेश देता है। मौलाना असद अजीम शम्शी ने नमाज अदा कराई। कटरा पठानान स्थित शाही मस्जिद में हाफिज मोहम्मद आरिफ ने नमाज अदा कराई। सपा, बसपा, कांग्रेस, कांच उद्योग क्रांतिकारी मजदूर संगठन के साथ सामाजिक संगठनों ने ईद मिलन कैंप लगाए। निगम के कैंप में डीएम विजय किरन आनंद, एसपी पीयूष श्रीवास्तव, एडीएम कर्मेंद्र सिंह, एएसपी सिटी उदयशंकर सिंह, नगर आयुक्त रामौतार रमन, नगर मजिस्ट्रेट रवींद्र सिंह, सीओ सिटी राजेश चौधरी, उप नगर आयुक्त प्रमोद कुमार, पूर्व सभासद श्याम सिंह यादव, एई रमा शंकर राम आदि मौजूद थे।

खाकसारों ने संभाली सुरक्षा व्यवस्था
खाकसारों ने ईदगाह पर सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी को संभाला। हनीफ खाकसार, जहीर खाकसार के नेतृत्व में टोलियां ईदगाह के आस-पास सक्रिय रहीं। नमाजियों को व्यवस्थित करने में सहयोग किया। डीएम विजय किरन आनंद एवं एसपी पीयूष श्रीवास्तव ने खाकसारों की इस पहल की सराहना की।
विज्ञापन


निगम की व्यवस्थाओं को सराहा
नगर निगम के आयुक्त रामौतार रमन, उप नगर आयुक्त प्रमोद कुमार के साथ ही पूरा स्टाफ पार्क में भरे पानी को निकालने में जुटा रहा था। सुबह तक मैदान से पानी निकाल कर मिट्टी डलवा दी गई। गांधीपार्क के साथ ही चौराहे पर भव्य सजावट और रंगोली आदि सजाई गई थी।

मेले में बच्चों ने उठाया लुत्फ
महिलाएं व युवतियां जहां घर पर आने वाले मेहमानों की मेहमानवाजी में व्यस्त थीं तो बच्चे गली मोहल्लों में लगे मेलों का आनंद ले रहे थे। सरक्यूलर रोड स्थित तकिया एवं कोटला मोहल्ला स्थित खाली प्लाट में लगे झूलों का बच्चे लुत्फ उठा रहे थे।

सचिव ने जताया आभार
ईदगाह कमेटी के सचिव इशरार अहमद ने डीएम विजय किरन आनंद, एसएसपी पीयूष श्रीवास्तव एवं नगर आयुक्त रामौतार रमन के साथ ही उनकी टीम एवं नगर के सामाजिक व राजनीतिक संगठनों को ईद की नमाज के दौरान किए सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें