जर्जर विद्युत तारों की समस्या से अजीज रामगढ़ क्षेत्र के लोगों ने विद्युत सब स्टेशन एसएन पर विभागीय अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। क्षेत्रीय लोगों ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि यदि समस्या का समाधान जल्द नहीं हुआ तो वह आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
विद्युत सब स्टेशन एसएन पहुंचे इसरार मंसुरी, साबिर, शौकीन, शकील, मोहम्मद शैफ, माजिद, शब्बीर, निजाम, राजू, जुबैर आदि का कहना है कि रामगढ़ क्षेत्र स्थित गुड्डू मार्केट में विद्युत ट्रांसफार्मर से जुड़ी एलटी लाइन की हालत काफी खराब हो चुकी है। आए दिन विद्युत तार टूट कर सड़क पर गिर जाते हैं। इससे रात के समय क्षेत्र में अंधकार रहता है। तारों को ठीक कराने के लिए कई बार विभागीय अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर समस्या के निस्तारण की मांग की जा चुकी है। लेकिन निदान नहीं हुआ। लोगों ने नारेबाजी करते हुए कहा कि यदि क्षेत्र में कोई हादसा हुआ तो उसकी जिम्मेदारी अधिकारियों की होगी। हामीद, यूसूफ, रफीक आदि लोग मौजूद थे।