फिरोजाबाद। गांव मोढ़ा में घरों के ऊपर से होकर गुजर रहे बिजली के तारों से बढ़ा हादसा होने से बच गया। लाइन का तार टूटकर छतों पर गिर गया। विद्युत विभाग की टीम विद्युत तार जोड़ने के लिए पहुंची तो ग्रामीणों ने जमकर विरोध किया। नए तार को डालने की बात की। इसके बाद टीम ने नया तार मंगाकर डाला। कई क्षेत्रों में करीब आठ घंटे तक विद्युत सप्लाई बाधित रही।
विद्युत विभाग के मुताबिक 11 हजार वोल्टेज की विद्युत लाइन के नीचे गांव मोढ़ा में घर बना लिए हैं। करीब 50 साल पूर्व से ही यह लाइन गांव से गुजर कर जा रही है। सोमवार सुबह सात बजे अचानक तार टूटकर घरों की छतों पर गिर गया। हालांकि तार टूटने के बाद विद्युत सप्लाई ट्रिप होकर बंद हो गई थी। मगर छत पर तार गिरने की आवाज से घर में मौजूद लोग डर गए।
वे तुंरत बाहर निकलकर आए। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग को सूचना दी तो टीम पहुंची। मगर वहां उनका जबरदस्त विरोध किया। महिलाओं ने भी उन्हें भला-बुरा कहा। अवर अभियंता धर्मेंद्र राजपूत ने विरोध को देखते हुए पुलिस फोर्स को बुलाया। ग्रामीणों का कहना था कि इन तारों को जोड़ा नहीं जाए, बल्कि बदला जाए। जेई ने 200 मीटर नए तार को मंगाया। इसके बाद विरोध शांत हुआ। दोपहर चार बजे विद्युत सप्लाई को सुचारू किया जा सका।