आसफाबाद पर बिजली तार डालते विद्युतकर्मी। स्रोत: विभाग
- फोटो : आसफाबाद पर बिजली तार डालते विद्युतकर्मी। स्रोत: विभाग
फिरोजाबाद। भीषण उमस और गर्मी के बीच बिजली संकट ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। शहर में सोमवार को मरम्मत कार्य के लिए लिए गए शटडाउन और लगातार आ रहे फॉल्ट के कारण कई इलाकों में घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रही। बिजली नहीं रहने से घरों में पंखे और कूलर बंद हो गए, जिससे लोगों का गर्मी और उमस से बुरा हाल रहा।
बिजली विभाग ने बाईपास 11 केवी फीडर पर रखरखाव कार्य के चलते सुबह 11 बजे से दोपहर करीब 3:30 बजे तक शटडाउन लिया। इस दौरान संबंधित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह बंद रही। वहीं रहना इंडस्ट्रियल 11 केवी फीडर पर तकनीकी खराबी आने से करीब 40 से 55 मिनट तक आपूर्ति बाधित रही। विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर मशीन को दुरुस्त कर आपूर्ति बहाल की।
उधर, जिले में उमस के बीच बिजली लाइनों पर लोड बढ़ने से फॉल्ट की संख्या भी बढ़ गई है। बिजली विभाग के अनुसार प्रतिदिन 50 से अधिक छोटे-बड़े फॉल्ट सामने आ रहे हैं। इन्हें दूर करने के लिए टीमें लगातार फील्ड में काम कर रही हैं। कई स्थानों पर ट्रिपिंग और लोकल फॉल्ट के कारण भी उपभोक्ताओं को बार-बार बिजली कटौती का सामना करना पड़ा।
बिजली गुल होने से घरों में इनवर्टर भी जवाब देने लगे। लोग पसीने से तरबतर रहे और पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हुई। कई इलाकों में उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग के कंट्रोल रूम पर शिकायतें दर्ज कराईं।
एसई विजय खेड़ा ने बताया कि शहर में बिजली व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक मरम्मत और रखरखाव कार्य कराए जा रहे हैं। उमस और अधिक लोड के कारण फॉल्ट बढ़े हैं, लेकिन विभाग की टीमें उन्हें तत्काल ठीक करने में जुटी हैं। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है और फॉल्ट कम करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है।