शिकोहाबाद। आलू के भुगतान के लिए कारोबारी द्वारा दिया गया चेक बाउंस हो गया। किसान आलू बेचने के बाद अब भुगतान के लिए एसडीएम और पुलिस से न्याय की गुहार लगा रहा है।
गांव लाटूमई निवासी किसान शमशेर खान ने सोमवार को थाना पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि उसने दखिनारा निवासी एक आलू कारोबारी को 1.77 लाख रुपये लगभग का आलू बेचा था। भुगतान के लिए कारोबारी ने उसे चेक दिया था। तय समय पर किसान ने चेक बैंक में लगाया, लेकिन खाते में पर्याप्त धनराशि न होने के कारण चेक बाउंस हो गया। पीड़ित किसान का कहना है कि वह कई बार कारोबारी के घर जाकर अपने रुपये मांग चुका है, लेकिन अब तक भुगतान नहीं किया गया। परेशान किसान ने सोमवार को एसडीएम और इंस्पेक्टर को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। इंस्पेक्टर अनुज कुमार ने बताया कि किसान की शिकायत मिली है। आरोपी कारोबारी को थाने बुलाकर समाधान का प्रयास किया जा रहा है।