फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उम्मीदों का साल 2021-परवान चढ़ेंगी अधूरी योजनाएं, मिलेंगी सुविधाएं

विज्ञापन
नव वर्ष का स्वागत-फिरोजाबाद में हाईवे पर नव वर्ष 2021 का स्वागत करते हुए सेल्फी लेते युवा। फोटो - उमे? - फोटो : FIROZABAD
विज्ञापन
फिरोजाबाद। नई उम्मीदों के साथ 2021 ने दस्तक दी है। कोरोना के संक्रमण से 2020 घिरा रहा। इस कारण जनपद के विकास से जुड़ी कई योजनाएं हाशिए पर आ गईं। साल 2020 के साथ कोरोना का कुहासा कुछ छट जरूर गया है लेकिन नए स्ट्रेन के साथ खतरा बना हुआ है। 2021 में कोरोना वैक्सीन आने की उम्मीद के साथ सुहाग नगरी में अधूरी योजनाएं साकार रुप लेंगी। इंफ्रास्ट्रक्चर में भी सुधार के साथ बुनियादी सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
विज्ञापन

शहर के इंफ्रा स्ट्रेक्चर में दिखाई देगा बदलाव
नए साल में शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर में बदलाव दिखाई देगा। गांधी पार्क चौराहे से नालबंद तक सदर बाजार के चौड़ीकरण का कार्य नए साल में पूरा हो जाएगा। महापौर नूतन राठौर ने बताया कि कोरोना के कारण रुके स्मार्ट सिटी योजना के तहत होने वाले कार्य नए साल में आयाम लेंगे। श्री छदामी लाल जैन मंदिर से स्टेशन रोड तक स्मार्ट मार्ग का काम पूरा होगा। नई आबादी के क्षेत्रों में अधूरे कार्य पूरे हो जाएंगे।
जलेसर मार्ग के चौड़ीकरण की उम्मीद
सदर विधायक मनीष असीजा ने बताया कि नाबार्ड योजना से जलेसर मार्ग सात मीटर चौड़ा किए जाने के लिए शासन स्तर पर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। 20 किलो मीटर लंबे इस मार्ग का चौड़ीकरण 37.90 करोड़ की लागत से नाबार्ड योजना के तहत किया जाना है। मेडिकल कॉलेज से आगे एटा जिले की तहसील जलेसर तक 19.90 किलोमीटर तक सड़क की चौड़ाई मात्र 5.50 से 3.70 मीटर है। 19.90 किलोमीटर लंबे मार्ग के चौड़ीकरण के लिए 37.90 करोड़ का बजट नाबार्ड योजना में शामिल किया है।
विज्ञापन

कोरोना से चटका कांच उद्योग फिर से चमकेगा
कोरोना के कारण 2021 में कांच उद्योग को भारी नुकसान झेलना पड़ा। दुनिया भर में कोरोना के कारण कांच हैंडीक्राफ्ट आइटमों का निर्यात धड़ाम हो गया। पांच करोड़ सालाना का एक्सपोर्ट बाजार सौ करोड़ पर सिमट गया। ग्लास एक्सपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष मुकेश बंसल टौनी बताते हैं कि नए साल में वैक्सीन आने के कारण दुनियाभर में बाजार तेजी से संभल रहा है। वर्ष 2021 में निर्यात 60 प्रतिशत घट गया लेकिन नए साल में कांच उद्योग चमकेगा।
कोरोना वैक्सीन से जागी संक्रमण का खतरा कम होने की उम्मीद
2020 कोरोना संक्रमण के घिरा रहा। मार्च से दिसंबर तक कोरोना संक्रमण के 3811 केस मिले और 65 लोगों की जनपद में मौत हो गई। नए साल में कोरोना वैक्सीन की उम्मीद ने लोगों को बड़ी राहत दी है। सीएमओ डॉ. नीता कुलश्रेष्ठ ने बताया कि सीएमओ कार्यालय पर वैक्सीन के लिए नई कोल्ड चेन बनाई गई है। कोल्डचेन की क्षमता 1200 से अब 2700 लीटर की हो गई है। 50 से अधिक टीमें बनाई गई हैं।
दो फायर स्टेशन और तीन नई दमकलें मिलने की उम्मीद
फिरोजाबाद। चीफ फायर ऑफिसर जशवीर सिंह बताते हैं कि वर्ष 2021 में जिला मुख्यालय और जसराना में दो नए फायर स्टेशन बनेंगे। तीन नई दमकल जिले को मिल जाएंगी। आमजन भी आग से बचाव के लिए काफी हद तक जागरूक हुआ है। डीसीटी फायर टेंडर एवं रेस्क्यू टेंडर भी मिलने की उम्मीद है।
बनेगा ट्रांसपोर्ट नगर मिलेगी जाम से मुुक्ति
फिरोजाबाद। ट्रांसपोर्ट नगर की योजना वर्षों से फाइलों में अटकी थी। वर्ष 2021 में ट्रांसपोर्ट नगर बनाने की जमीन तैयार हो चुकी है। नए साल में ट्रांसपोर्ट शहर को मिल जाएगा। इससे शहर में सर्विस रोड और हाईवे किनारे खडे़ होने वाले लोड अनलोड वाहनों की समस्या का निदान भी हो जाएगा। नगर मजिस्ट्रेट गुलशन कुमार का कहना है कि ट्रांसपोर्ट नगर में जमीन के लिए सर्किल रेट कम होने के बाद ट्रांसपोर्टरों ने भी जमीन लेेने के लिए कदम आगे बढ़ाए। 276 आवेदन आ चुके हैं। किसानों को भी अधिग्रहीत की गई जमीन का मुआवजा नए साल में मिलने की उम्मीद है।
वाहनों की थमेगी रफ्तार, हादसे थमने की उम्मीद
एसपी सिटी मुकेश चंद्र मिश्र ने बताया कि हादसे रोकने को आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे के साथ-साथ एनएच-टू पर सीसीटीवी कैमरों को लगाने की तैयारी चल रही है। नए साल में एनएचटू पर भी उच्च स्तरीय कैमरे लग जाएंगे। इससे वाहनों की स्पीड पर नियंत्रण किया जाएगा। इससे हादसों पर अंकुश लगने की उम्मीद है। यातायात पुलिस को हाईटेक किया जाएगा।
नए साल में यह काम भी पूरा होने की उम्मीद
- आसफाबाद और जाटवपुरी चौराहे पर बनाए जा रहे फुट ओवर ब्रिज चालू हो जाएंगे। नगला बरी पर फुटओवर ब्रिज का काम पूरा होगा।
- लेबर कॉलोनी और आसफाबाद रेलवे क्रासिंग पर बनाए जा रहे ओवरब्रिज का काम पूरा होगा।
- सीवर पंपिंग स्टेशन पूरी तरह से काम करने लगेगा। सीवर की समस्या का निदान संभव
- मेडिकल कॉलेज में एमआरई मशीन लगेगी
- हाथरस ब्रांच से जुडे़ नहर और बंबों के जिर्णोद्वार के लिए 30 करोड़ से अधिक पैसा मंजूर हो गया। 75 किमी लंबी नहर का जीर्णोद्धार किया जाएगा।
-शहर के लोगों की अपेक्षाएं--
हाईवे की स्थिति सुधारने को हो पहल
- प्रमुख न्यूरो सर्जन डॉ. निमित्त गुप्ता कहना है कि टूंडला से लेकर फिरोजाबाद तक हाईवे की स्थिति काफी खराब है। गड्ढे हैं। जरौली कला पर नए बाईपास से फिरोजाबाद के लिए जाने वाले रास्ते पर संकेतांक स्पष्ट और दूर से दिखाई देने वाले बनाए जाने चाहिए।
टूंडला से सिरसागंज तक चलाई जाए सिटी बस
- बार एसोसिएशन के अध्यक्ष नाहर सिंह एडवोकेट कहते हैं कि टूंडला से सिरसागंज तक सिटी बस का संचालन किया जाए। दीवानी कचहरी के पास ट्रैफिक बूथ भी बनाया जाए। डिस्पेंसरी और डाकघर की व्यवस्था भी होनी चाहिए।
जाम की समस्या के निदान को ई-रिक्शा पर लगाएं अंकुश
- शिक्षा के क्षेत्र से जुडे़ डॉ. मयंक भटनागर कहते हैं कि शहर को जाम की समस्या से निजात दिलाने की जरूरत है। शहर में हरेक मुख्य रास्ते पर और चौराहों पर ई रिक्शा चालकों ने स्थिति को बिगाड़ रखा है। नाबालिग ई रिक्शा चला रहे हैं। तेज साउंड के स्पीकर पर गाने बजाए जाते हैं।
सुहाग नगरी का सौहार्द हमेशा बना रहे, शिक्षा पर हो ध्यान
- मु स्लिम माइनोरिटी स्कूल एसोसिएशन के अध्यक्ष जफरूल इस्लाम का कहना है कि सुहागनगरी के लोगों ने हमेशा कौमी एकता और सौहार्द की मिसाल पेश की है। नए साल में भी यही उम्मीद है कि रंग-बिरंगी चूड़ियों की खनक में सौहार्द का स्पदंन हमेशा सुनाई देता रहे। दूसरी यह अपील है कि लंबे समय से जूनियर स्कूल बंद हैं वे खुल जाएं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें