फिरोजाबाद। जिले में बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों के कोरोना संक्रमित होने के बाद एसएसपी सचिंद्र पटेल ने ड्यूटी लगाने की नियमावली में बदलाव किया है। अब गंभीर बीमारी से ग्रसित पुलिसकर्मियों की ड्यूटी फ्रंटलाइन में नहीं लगाई जाएगी। वहीं छोटे बच्चों की जिम्मेदारी संभाल रही महिला पुलिसकर्मियों को राहत प्रदान की जाएगी। एसएसपी सचिंद्र पटेल ने कहा कि सांस रोग, फेफड़े रोग, हृदय रोग के साथ गंभीर मधुमेह रोग के शिकार पुलिस कर्मियों की ड्यूटी फ्रंट लाइन में नहीं लगाई जाएगी।
इसके साथ ही 55 वर्ष से अधिक आयु के पुलिस कर्मियों को पूर्व बीमारी के इतिहास के मद्देनजर ड्यूटी से मुक्त रखा जाएगा। उन्होंने कहा यदि किसी पुुलिसकर्मी को सर्दी, जुकाम, बुखार अथवा अन्य कोई बीमारी होती है तो तत्काल इसकी सूचना थाना प्रभारी को देनी होगी। प्रभारी तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराएंगे। उन्होंने कहा कि छोटे बच्चों की जिम्मेदारी निभाने वाली महिला पुलिस कर्मियों की ड्यूटी भी कार्यालय में लगाई जाएगी।
एसएसपी सचिंद्र पटेल ने पुलिसकर्मियों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के लिए सहायक पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज रजा को नोडल अधिकारी बनाया है। पुलिसकर्मी स्वास्थ्य संबंधी समस्या आने पर उनके मोबाइल नंबर 9454458202, 9411825169 पर जानकारी दे सकते हैं। इसके साथ ही पुलिस लाइन वेलफेयर ग्रुप (9411825169) पर भी सूचना दी जा सकती है। वहीं कोरोना सेल प्रभारी जेएन अस्थाना के मोबाइल नंबर 8954892080 और सोशल मीडिया सेल प्रभारी उप निरीक्षक हरवेंद्र मिश्रा से 7839859145 पर संपर्क किया जा सकता है।