फिरोजाबाद। क्षय रोग (टीबी) की जांच और तेज जांच के लिए जिले में राज्य स्तर से पोर्टेबल हैंड हेल्ड एक्स-रे मशीन भेजी गई। क्षय रोग कार्यालय पर मशीन को स्टॉल भी कर दिया है।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. पवन कुमार ने बताया कि इस मशीन को आसानी से कहीं भी ले जाया जा सकता है। मशीन से पांच मिनट में एक्स-रे किया जा सकता है। साथ ही इसमें रेडिएशन की मात्रा बेहद कम होती है। उन्होंने बताया कि यह मशीन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक से लैस है, जो एक्स-रे रिपोर्ट का विश्लेषण कर सटीक और त्वरित परिणाम देती है। इससे टीबी की प्रारंभिक अवस्था में ही पहचान संभव हो सकेगी।
वर्तमान में करीब 5500 से अधिक टीबी मरीज सक्रिय हैं। इसी को देखते हुए शासन ने जिले को यह अत्याधुनिक मशीन उपलब्ध कराई है, ताकि टीबी की समय पर पहचान कर रोग के प्रसार को रोका जा सके। जरूरत पड़ने पर मशीन को मरीज के घर स्वास्थ्य शिविरों और विशेष जांच कैंपों में तक ले जाया जा सकता है। डॉ. पवन कुमार ने बताया कि इस मशीन का उपयोग मुख्य रूप से वल्नरेबल (संवेदनशील) जनसंख्या की जांच के लिए कैंप लगाकर किया जाएगा।