फिरोजाबाद। नगर निगम की टीम ने सुहागनगर चौराहा स्थित एक ट्रांसपोर्ट के समीप छापामार कार्रवाई करते हुए आठ क्विंटल प्रतिबंधित पॉलिथीन बरामद कर 75 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।
विज्ञापन
नगर निगम के इंस्पेक्टर अरविंद भारती और संजीव चौरसिया को जानकारी मिली कि शहर के कुछ व्यापारियों ने आगरा से ट्रांसपोर्ट के माध्यम से प्रतिबंधित पॉलिथीन को बिक्री हेतु मंगाया है। अधिकारी प्रवर्तन दल की टीम के साथ बताए गए स्थान पर पहुंच गए। सुहागनगर चौराहा स्थित एक ट्रांसपोर्ट के समीप प्रतिबंधित आठ क्विंटल पॉलिथीन बरामद कर जब्त कर ली।
नगर आयुक्त विजय कुमार को सूचना देने के साथ ही व्यापारी ब्रजेश निवासी सुहागनगर, राजपाल निवासी रानीनगर गल्ला मंडी के पास और श्याम कुमार निवासी मोहल्ला गंज थाना उत्तर के खिलाफ 25-25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। नगर आयुक्त विजय कुमार ने बताया कि व्यापारियों पर 75 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।