टूंडला। रविवार को सिंचाई विभाग के पुराने कार्यालय में हुई युवक की हत्या के मामले में पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे हैं। पुलिस साक्ष्यों को और मजबूत करने एवं हत्यारोपियों की तलाश में जुटी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही हत्याकांड का खुलासा कर हत्यारोपियों को जेल भेजा जाएगा।
थाना पचोखरा के गांव धर्मपुर निवासी माेबाइल टॉवर पर टेक्नीशियन का काम करने वाले धर्मवीर सिंह की अज्ञात बदमाशों ने सिर पर प्रहार कर हत्या कर दी थी। रविवार को उसका शव बनकट रोड स्थित सिंचाई विभाग के पुराने कार्यालय में पड़ा मिला था। वह शनिवार को घर से सब्जी लाने की बात कहकर अपनी पल्सर बाइक से निकला था। घटनास्थल पर पुलिस को बीयर की तीन खाली केन मिली थीं, लेकिन उसकी बाइक व मोबाइल गायब थे।
पुलिस की गठित तीन टीमें इस हत्याकांड के खुलासे के लिए हर एंगिल से काम कर रही है। पुलिस ने सीसीटीवी खंगालते हुए कुछ लोगों से पूछताछ की है तो वहीं धर्मवीर के दोस्तों से भी पूछताछ की है। सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक एक बीयर की दुकान से भी जानकारी ली है। थाना प्रभारी अनुज कुमार का कहना है कि कुछ सुराग मिले हैं जल्द ही हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा।