फिरोजाबाद में बैटरी शोरूम से नकदी चोरी करने के आरोपी को थाना उत्तर पुलिस ने मंगलवार रात को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। आरोपी के पैर में गोली लगी है। उसे उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। उसके पास से तमंचा, कारतूस और चोरी के 4,650 रुपये बरामद किए गए हैं।
एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद ने बताया कि 04 मार्च को सत्यपाल सिंह निवासी नगला पान सहाय थाना उत्तर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रात में चोरों ने बैटरी शोरूम में रखा 90 हजार रुपये चोरी हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी थी। जांच के दौरान आगरा के अतुल कुमार निवासी लंगड़े की चौकी हरीपर्वत, कान्हा निवासी सौ फुटा रोड थाना कालिंदी विहार और विकास श्रीवास्तव निवासी मोतियों की बगीची, थाना हरि पर्वत का नाम सामने आया था।