जसराना। चाचा को मारने के लिए चलाई गई गोली की चपेट में आकर चचेरी बहन की मौत हो गई थी। इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की तीन टीमें बनाई गई हैं। एसओजी और सर्विलांस को भी लगाया गया है। सीडीआर निकलवा कर जांच को तेज किया जा रहा है।पुलिस हत्यारोपी के परिजन एवं रिश्तेदारों पर नजर रखने के साथ ही पूछताछ कर रही है। चाची से फोन पर हुए विवाद से गुस्साए गांव रहचटी निवासी रंजीत के गोली चलाने से थाना जसराना के अकबरपुर मस्तपुर निवासी चचेरी बहिन नीतू उर्फ नव्या पुत्री प्रमोद कुमार की मौत हो गई थी। हत्या के बाद से आरोपी भाग गया है।
वहीं, पुलिस ने पिता की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया। रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस ने हत्यारोपी की गिरफ्तारी के लिए कोतवाल, सीओ एवं एसपी देहात के निर्देशन में तीन टीमों का गठन किया है। वहीं एसएसपी ने हत्यारोपी तक पहुंचने के लिए एसओजी एवं सर्विलांस को भी लगाया है। पुलिस ने रिश्तेदारों एवं परिजनों से पूछताछ की है। वहीं, कई जगह दबिश देकर आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया। सीओ अमरीश कुमार सिंह ने कहा हत्यारोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिशें दी जा रही है। पुलिस की टीमों के साथ एसओजी एवं सर्विलांस को लगाया गया है। रिश्तेदारों एवं परिजनों पर नजर रखने के साथ ही उनसे पूछताछ की जा रही है।