फोटो-माता-पिता की हत्या का आरोपी बेटा गिरफ्तार
एका पुलिस ने महाराजपुर में इच्छापूर्ति मंदिर के पास से किया गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। थाना एका क्षेत्र में 28 मई को हुई दंपती की हत्या में शामिल मुख्य अभियुक्त दंपती के बड़े पुत्र योगेश उर्फ बीटू को पुलिस ने महाराजपुर स्थित इच्छापूर्ति मंदिर के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से एक तमंचा, दो कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है।
थाना एका के गांव नगला रमिया निवासी राकेश सिंह और उनकी पत्नी गुड्डी देवी की उनके बड़े पुत्र योगेश उर्फ बीटू ने गांव के बाहर गोली मार कर हत्या कर दी गई। इस मामले में थाना एका पुलिस ने योगेश उर्फ बीटू सहित पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था। पुलिस ने सोमवार को हत्या एवं हत्या की साजिश में शामिल चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इनमें योगेश की पत्नी भी शामिल थी। पुलिस तभी से मुख्य अभियुक्त योगेश उर्फ बीटू की तलाश में जुटी थी। मंगलवार को सूचना के आधार पर थाना प्रभारी अंजीश कुमार सिंह ने माता-पिता के हत्यारे मुख्य अभियुक्त योगेश उर्फ बीटू पुत्र राकेश सिंह को गांव महाराजपुर के समीप इच्छापूर्ति मंदिर के समीप से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान अभियुक्त के पास से एक तमंचा एवं दो जिंदा कारतूस बरामद किए। पुलिस ने उसे जेल भेजा है।