पेट्रोल पंप के कर्मियों से मारपीट के बाद पथराव
बंदूक से फायर करने पर भागे आरोपी युवक व अन्य लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
शिकोहाबाद। पंप पर पेट्रोल डलवाने आए युवक का कर्मी से विवाद हो गया। युवक ने गांव से साथियों को बुला लिया। वहां पहुंचे लोगों जमकर उत्पात किया। इस दौरान पेट्रोल पंप कर्मियों और ग्रामीणों में पहले मारपीट फिर पथराव हुआ। भीड़ को हावी होता देख पंपकर्मी लाइसेंसी बंदूक से फायर कर भीड़ को खदेड़ा। सूचना पर पहुंची पुलिस चार लोगों को लेकर थाने ले आई और घायल सेल्समैन मुकेश कुमार का मेडिकल कराया गया।
हाईवे स्थित आरोंज की पुलिया के समीप एक पेट्रोल पंप पर मुकेश कुमार निवासी यादव कॉलोनी शिकोहाबाद और रणधीर निवासी नगला पोहपी पंप पर वाहनों में पेट्रोल भरने हैं। मंगलवार को मुकेश एक बस में डीजल भर रहा था। आरोप है कि तभी एक बाइक पर दो युवक आए और जल्द पेट्रोल डालने के लिए कर्मी पर दबाव डालने लगे। अपशब्द कहने का भी आरोप है। कर्मी ने विरोध किया तो मारपीट हो गई। मुकेश का आरोप है कि इसके बाद बाइक सवार युवकों ने आरोंज गांव से अन्य लोगों को बुला लिया। ये लोग हाथों में लाठी, डंडा लेकर आए और मारपीट करने लगे। डर की वजह से वे लोग पंप के कमरों की छत पर चढ़ गए। इसके बाद भीड़ ने पथराव शुरू कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि उसने पंप पर रखी लाइसेंसी बंदूक से हवाई फायर किया, तब जाकर लोग भागे, अन्यथा भीड़ बड़ी घटना को अंजाम दे देती। प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार का कहना है कि मामला पेट्रोल डलवाने को लेकर झगड़ा हो गया था। घायल का मेडिकल कराया है। इस मामले में एक तरफ से अवनीश व अवधेश और दूसरी ओर से रणधीर को शांति भंग में निरुद्ध किया गया है।