हनुमान जयंती महोत्सव समिति की ओर से 20 दिवसीय कार्यक्रमों का आयोजन हो रहा है। इसके समापन अवसर पर शनिवार को देर रात भजन संध्या का आयोजन किया गया। मुरादाबाद एवं मुंबई से आए कलाकारों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। श्रोता देर रात्रि तक भक्ति धारा में डूबे रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रमुख समाजसेवी प्रेम अग्रवाल, विपिन अग्रवाल, प्रमोद अग्रवाल, प्रद्युम्न अग्रवाल ने प्रभु राम के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना के साथ हुआ। पंचमुखी हनुमान, बालकृष्ण की अद्भुत प्रस्तुतियां देखकर श्रद्धालु गदगद हो गए। मां दुर्गा द्वारा महिसासुर वध नाटक की प्रस्तुतियां कलाकारों ने दी। जय मातादी के उद्घोषों से पंडाल गूंजने लगा। मंचीय कार्यक्रम में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम की प्रस्तुतियां देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो गए। समारोह में शिव-पार्वती, मां का दिल पर भी मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। कलाकारों ने राधाकृष्ण का रूप धारण कर फूलों की होली खेलकर बरसाने की याद दिला दीं। कार्यक्रम के समापन पर महंत पंडित जगजीवन राम इंदु ने कलाकारों का स्वागत किया। रविवार को भंडारे का आयोजन किया गया।