बाउंड्रीवॉल का विरोध करते ग्रामीणों को समझाते आईओडब्ल्यू महेश कुमार।
- फोटो : बाउंड्रीवॉल का विरोध करते ग्रामीणों को समझाते आईओडब्ल्यू महेश कुमार।
शिकोहाबाद। रेल ट्रैक पर पशुओं को रोकने के लिए बनाई जा रही चहारदीवारी गांव नीमखेरिया के लोगों के लिए मुसीबत बन चुकी है। ग्रामीणों ने मंगलवार को चहारदीवारी का विरोध किया। सूचना पर पहुंचे सहायक अभियंता निर्माण ने ग्रामीणों से वार्ताकर जल्द ही अंडरपास बनवाने का आश्वासन दिया। फिलहाल में बाउंड्रीवॉल के बीच दो फीट चौड़े गेट का निर्माण कराने की बात कही गई है। इसके बाद ही ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ।
रेलवे स्टेशन से सटे गांव नीमखेरिया में रेल ट्रैक के बीच कोई भी अंडरपास या ओवरब्रिज न होने से लोगों को आवागमन में परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। बच्चे भी रेल ट्रैक को पार करके ही स्कूल आते-जाते हैं। रेल ट्रैक पार करने के दौरान कई जानें जा चुकी हैं। ग्रामीणों ने अंडरपास या ओवरब्रिज की मांग को लेकर कई बार लोकसभा एवं विधानसभा चुनावों का भी बहिष्कार किया है।
मंगलवार को रेल ट्रैक के किनारे बाउंड्रीवॉल का निर्माण कराया जा रहा था। इसे देखकर ग्रामीण आक्रोशित हो गए। सैकड़ों की संख्या में एकत्रित हुए ग्रामीणों ने बाउंड्रीवॉल निर्माण का विरोध करना शुरु कर दिया। विरोध की जानकारी पर रेलवे निर्माण विभाग से आईओडब्ल्यू महेश कुमार ने वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत करने के बाद ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि जल्द ही आरओबी/आरयूबी का निर्माण कराया जाएगा। अभी बाउंड्रीवॉल लगाने के दौरान बीच में दो फीट चौड़े गेट का निर्माण कराया जाएगा। इससे ग्रामीणों को आवागमन के लिए रास्ता मिल सके, लेकिन गेट को ताला लगाकर रखने की जिम्मेदारी ग्रामीणों को ही निभानी होगी।