- मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में परामर्श लेने पहुंच रहे मरीज
फिरोजाबाद। मौसम बदलने से बुखार, खांसी, नजला (सर्दी-जुकाम), सांस और आंखों समेत कई बीमारियाें के मरीज बढ़ रहे हैं। चिकित्सालयों पर मरीजों की भीड़ लगी रहती है।
मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में काफी संख्या में मरीज परामर्श लेने के लिए पहुंच रहे है। शुक्रवार को बुखार, खांसी, नजला, सांस व आंखों में जलन के करीब 350 मरीजों ने परामर्श लिया। चिकित्सकों के अनुसार बढ़ते वायु प्रदूषण के कारण आंख और सांस की समस्या हो रही है। दिन में गर्मी और सुबह-शाम माैसम सर्द होने से भी मरीजों की संख्या बढ़ी है। सरकारी चिकित्सालयों से लेकर निजी चिकित्सालयों तक मरीजों की लंबी लाइन लग रही हैं।
शुक्रवार को मरीज दीपक ने बताया कि पिछले दो दिन से आंखों में जलन महसूस होने पर चिकित्सक को दिखाया तो समय-समय पर पानी के छींटे मारने और चश्मा पहनने की सलाह दी है। मरीज आशीष शर्मा ने बताया कि पिछले दो दिन से जुकाम-खांसी की समस्या बनी हुई है।
वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि मौसम बदलने और एक्यूआई में उतार-चढ़ाव होने से बुखार, खांसी, सांस एवं आंखों में जलन के मरीज बढ़ रहे है। प्रतिदिन ओपीडी में ऐसे मरीज अधिक आ रहे है।
ओपीडी में इन दिनों बुखार, खांसी, सांस व आंखों में जलन के मरीज अधिक आ रहे हैं। चिकित्सक मरीजों को परामर्श, दवा और बचाव की सलाह भी बता रहे है।
डाॅ. नवीन जैन, सीएमएस