टूंडला। दिल्ली से घर लौट रहे बिहार के एक रेलयात्री की जिंदगी का सफर ट्रेन में ही खत्म हो गया। टूंडला में नॉन स्टॉप ट्रेन को रोकते हुए मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतक यात्री बीमार होने पर घर जा रहा था।
बिहार के नवादा थाना वारीबाली गंज निवासी 46 वर्षीय संजय मिस्त्री दिल्ली में नौकरी करता था। उसकी तबियत खराब होने पर वह भतीजे विक्रम के साथ बुधवार शाम महाबोधि एक्सप्रेस से वापस घर जा रहा था। ट्रेन गाजियाबाद से निकली तभी उसकी तबियत अधिक बिगड़ गई। भतीजे ने टीटीई से चिकित्सा की मांग की।
ट्रेन में चल रहे टीटीई के माध्यम से टूंडला नियंत्रण कक्ष को यात्री के बीमार होने की जानकारी दी गई। नियंत्रण कक्ष ने टूंडला में नॉन स्टॉप ट्रेन महाबोधि एक्सप्रेस को रोकते हुए रेलवे चिकित्सकीय टीम को भेजा। ट्रेन के टूंडला पहुंचने से पूर्व ही उसकी मौत हो गई। राजकीय रेलवे पुलिस ने मृतक यात्री को ट्रेन से उतारते हुए पोस्टमार्टम के लिए फिरोजाबाद भेजा है। जीआरपी प्रभारी अरविंद भारद्वाज ने बताया कि परिजन को सूचना दे दी गई है।