फिरोजाबाद। परिषदीय व माध्यमिक इंटर काॅलेजों में छात्रों की अपार आईडी बनाने की प्रक्रिया चल रही है। इसको लेकर छात्रों व अभिभावकों में अफरा तफरी का माहौल है। 24 फरवरी से माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाएं भी शुरु हो रहीं हैं।
बोर्ड के निर्देशानुसार परीक्षा में शामिल होने के लिए परीक्षा केंद्र पर आधार कार्ड के साथ ही अपार आईडी छात्रों को ले जाना जरुरी है। जिला विद्यालय निरीक्षक का निर्देश है कि विद्यालयों द्वारा जब तक 60 प्रतिशत अपार आईडी बना लिए जाने का प्रमाण पत्र प्रस्तुत नहीं किया जाएगा तब तक नामिनल रोल नहीं मिल सकेगा। अपार आईडी के लिए माता या पिता का आधार कार्ड व अभिभावकों की सहमति जरुरी है। अभिभावकों को सहमति पत्र पर हस्ताक्षर करना जरुरी है।
प्रधानाचार्यों का कहना है कि आधार कार्ड मांगने पर अभिभावकों द्वारा आनाकानी की जा रही है। 24 फरवरी से पूर्व छात्रों की अपार आईडी नहीं बन सकी तो बोर्ड परीक्षा में वे शामिल हो पाएंगे या नहीं इसको लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं हैं। बीएसए आशीष पांडेय का कहना है कि परिषदीय प्राथमिक से लेकर इंटरमीडिएट के सभी छात्रों की अपार आईडी बनाया जाना जरुरी है। अपार आईडी न बनाने वाले विद्यालयों पर कार्रवाई होगी।