फिरोजाबाद। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के आंशिक परिसीमन पर आई 16 आपत्तियों का निस्तारण करने के साथ ही फाइनल प्रकाशन जारी कर दिया है। जिला पंचायत के वार्ड संख्या 29 की ग्राम पंचायत नसीरपुर को अब वहीं रखा जाएगा। पहले यह ग्राम पंचायत जिला पंचायत के वार्ड संख्या 26 में शामिल कर दिया था। बाकी परिसीमन को यथावत रखा जाएगा।
पंचायत चुनाव को ध्यान में रखते हुए जिले की छह पंचायतों के नगरीय क्षेत्र में शामिल हो जाने के कारण आंशिक परिसीमन किया गया था। इस आंशिक परिसीमन के दौरान क्षेत्र पंचायत के 25 वार्ड घट गए हैं। यह 842 से घटकर अब 817 रह गए हैं। इसमें एका ब्लाक में 15, हाथवंत में तीन एवं शिकोहाबाद ब्लाक में सात वार्ड घटे हैं। वहीं जिले में 570 ग्राम पंचायत के स्थान पर पांच ग्राम पंचायत मक्खनपुर नगर पंचायत में शामिल होने तथा एका के नगर पंचायत बन जाने के कारण यह छह पंचायतें घट जाने के कारण 564 ग्राम पंचायतें रह गई है। जबकि जिला पंचायत के वार्ड 33 रहेंगे। इसमें छह पंचायतों के घट जाने के कारण सभी जिला पंचायत के वार्डों में आबादी को घटा दिया है। शिकोहाबाद क्षेत्र की ग्राम पंचायत नसीरपुर पहले जिला पंचायत के वार्ड संख्या 29 में थी। नए परिसीमन के बाद जिला पंचायत के वार्ड संख्या 26 में शामिल कर दिया था लेकिन ज्यादा आपत्तियां आ जाने के कारण ग्राम पंचायत नसीरपुर को दोबारा से वार्ड संख्या 29 में शामिल कर दिया है। इसके साथ ही पंचायतों के आंशिक परिसीमन को फाइनल कर दिया है। डीपीआरओ नीरज कुमार ने कहा पंचायतों के आंशिक परिसीमन में आई सभी 16 आपत्तियों का निस्तारण किए जाने के साथ फाइनल प्रकाशन किया जा रहा है। जिला पंचायत के एक वार्ड में नसीरपुर ग्राम पंचायत को लेकर अधिक आपत्तियां आने के कारण उसके पूर्व के वार्ड में रखा है।