फिरोजाबाद। कोरोना की संभावित तीसरी लहर आने से पहले ही जिला प्रशासन और चिकित्सा विभाग बड़ी तैयारी में जुट गए हैं। कस्बों में स्वास्थ्य सेवाओं को पुख्ता करने की तैयारी की जा रही है। इसी लिए संयुक्त अस्पताल शिकोहाबाद और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसराना पर भी ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट को स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए शासन की स्वीकृति मिल गई है। मेडिकल कॉलेज में एक हजार लीटर प्रति मिनट आक्सीजन उत्पादन क्षमता का प्लांट पहले ही लग चुका है।
संयुक्त अस्पताल शिकोहाबाद में 50 पलंग का आइसोलेशन वार्ड तैयार किया गया है। इसलिए यहां पर 500 लीटर प्रति मिनट ऑक्सीजन का उत्पादन करने वाले प्लांट की स्थापना होगी। जसराना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर 25 पलंग का कोविड आइसोलेशन वार्ड बनाया है। यहां पर 333 लीटर प्रति मिनट ऑक्सीजन उत्पादन करने वाली क्षमता का प्लांट लगाया जाएगा। जसराना में प्लांट लगाने के लिए ऑक्सीजन फाउंडेशन निर्माण का कार्य भी शुरू करा दिया है। प्लांट शासन स्तर से ही भेजा जाएगा। जुलाई के अंत तक ऑक्सीजन प्लांट को स्थापित करने की कार्य योजना प्रशासन ने तैयार की है।
जनपद में दो और ऑक्सीजन प्लांट लगाए जाने के आदेश मिले हैं। इसके लिए शिकोहाबाद और जसराना स्वास्थ्य केंद्रों को चयनित किया गया है। जसराना में प्लांट के लिए फाउंडेशन बनाने का कार्य शुरू हो गया है। तीसरी लहर से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग तेजी से इंतजाम करने में जुटा है।
डा. नीता कुलश्रेष्ठ - सीएमओ