शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। थाना नगला खंगर क्षेत्र के गांव सलेमपुर में चुनावी रंजिश के चलते दो पक्षों में झगड़ा हो गया। झगड़ा उस समय हुआ जब गांव के ही दो पक्ष दावत खाकर गांव लौट रहे थे। दोनों तरफ से जमकर मारपीट, पथराव और फायरिंग हुई। घटना में दोनों पक्षों से चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों का अस्पताल में मेडिकल कराया है।
सलेमपुर में वर्तमान प्रधान पक्ष और पूर्व प्रधान पक्ष के लोगों में चुनावी रंजिश को लेकर विवाद हो गया। शुक्रवार देर रात दोनों पक्षों में जमकर मारपीट और फ़ायरिंग हुई। ग्रामीणों के अनुसार दोनों ओर से कई राउंड फायरिंग हुई। झगड़े में रात को दो लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया और घायलों को मेडिकल के लिए भेजा। शनिवार की सुबह फिर विवाद की स्थिति बन गई। वर्तमान प्रधान पक्ष के दो युवक को पीटकर घायल कर दिया गया। मारपीट की घटना में घायल हुए लोगों में शिवराज पुत्र केदार सिंह, संदीप पुत्र श्रीओम, मेघ सिंह पुत्र रामदेव और एक अन्य युवक शामिल है। इस बारे में प्रभारी निरीक्षक नगला खंगर का कहना है कि दावत खाकर लौट रहे दो लोगों के बीच विवाद हुआ था। इसमें मारपीट और फायरिंग हुई थी। घायलों का मेडिकल कराया गया है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।