फिरोजाबाद। थाना मटसेना के गांव दतावली में बाजरा की फसल की रखवाली करने गई वृद्धा पर सांड़ ने हमला कर दिया। वृद्धा की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने वृद्धा का शव का गांव में अंतिम संस्कार कर दिया।
थाना नगला खंगर के नगला गुलाल निवासी रेशमा देवी (69) पत्नी स्व. मलिखान सिंह पिछले काफी दिनों से अपने मायके थाना मटसेना के गांव दतावली में आकर रहने लगीं थी। उनके बेटे गांव में बंटाई पर खेत लेकर फसल को करते हैं। बृहस्पतिवार की सुबह सात बजे वह बाजरा के खेत की रखवाली करने के लिए गई थी। खेत में फसल को बर्बाद कर रहे सांड़ को रोकने का प्रयास किया। इस पर सांड़ वृद्धा पर हमलावर हो गया। सांड़ ने सींगों पर रखकर वृद्धा को जमीन पर पटक दिया। वृद्धा की चीख पुकार सुनकर खेत पर ही काम कर रहे अन्य लोग मौके पर पहुंचे। परिजन वृद्धा को उपचार के लिए प्राइवेट डाक्टर के पास ले गए। लेकिन वृद्धा की मौत हो गई। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बजाय थाना पुलिस को घटना की सूचना दे दी। शव का गांव में
अंतिम संस्कार कर दिया।
जिम्मेदार विभाग खुले घूम रहे जानवरों की ओर नहीं देता ध्यान
फिरोजाबाद। बेसहारा जानवरों के लिए पशुपालन विभाग की ओर से ग्रामीण अंचल में गोशाला की स्थापना की है लेकिन इन जानवरों को रखने की कोई इंतजाम नहीं किया जा सका। इसके कारण ही बेसहारा जानवर आमजन की जान के दुश्मन बन रहे हैं। कहीं हाइवे पर आ जाने के कारण दोपहिया एवं चार पहिया वाहनों के टकराने से लोगों की मौत हो जाती हैं।