फिरोजाबाद। फिट इंडिया अभियान के तहत अब सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र सेहतमंद बनेंगे। यहां पर बच्चे सुबह कसरत कर सकेंगे और शरीर को तंदरुस्त रख सकेंगे। परिषदीय विद्यालयों में ओपन जिम का निर्माण किया जाएगा। बेसिक शिक्षा विभाग ने मैदान वाले 250 परिषदीय स्कूलों का चयन किया है। गेल प्राइवेट लिमटेड से अनुबंध कराने की प्रक्रिया बेसिक शिक्षा विभाग की चल रही है।
परिषदीय स्कूलों का कायाकल्प किया जा रहा है। शासन से जो सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। उसे विभिन्न कंपनियों के सीआरएस फंड से कराया जा रहा है। बीते दिनों गेल इंडिया लिमटेड ने डेस्क-बेंच का अनुबंध हुआ है। अब ओपन जिम बनाने की तैयारी बेसिक शिक्षा विभाग ने शुरू कर दी है। जिन विद्यालयों में मैदान हैं, उनमें ओपन जिम बनाया जाएगा। यहां बच्चे कसरत कर सकेंगे। जिम स्थापित करने का उद्देश्य बच्चों को निरोग रखना है। मौजूदा समय में बच्चे स्कूलों में खाली समय में खेलों में प्रतिभाग करते हैं। व्यायाम करने के लिए कोई सुविधा नहीं है। इसे भी गेल प्राइवेट लिमटेड से निर्माण कराएगा।
-गेल प्राइवेट लिमिटेड से ओपन जिम निर्माण के लिए अनुबंध किया जा रहा है। इसके लिए पत्रावलियां भेजना शुरू कर दिया है। कंपनी से वार्ता भी हो गई है। डेस्क-बेंच का अनुबंध हो चुका है। करीब 250 विद्यालयों में ओपन जिम बनाने की तैयारी है।
आशीष पांडेय, बीएसए