फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वोटों का खुला पिटारा, बनी गांव की सरकार

Sun, 13 Dec 2015 09:57 PM IST
ब्यूरो,अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
गांव की सरकार के लिए जहां मतदान स्थलों पर रिकार्ड वोट पड़े तो परिणाम के बाद तस्वीरें जुदा दिखीं। जनता ने फैसला सुनाया और प्रधान जीते। जिले में प्रधान एवं ग्राम पंचायत सदस्य पद की मतगणना रविवार को सुबह सात बजे नौ केंद्रों पर प्रारंभ हुई। सीएल जैन कालेज प्रांगण में गाजीपुर ग्राम पंचायत का परिणाम जिले में सबसे पहले आया। डीएम विजय किरन आनंद व एसपी पीयूष श्रीवास्तव ने सभी मतगणना केंद्रों पर दस्तक दी। आयोग की ओर से आए प्रेक्षक ने निरीक्षण किया। देर शाम तक अधिकांश मतगणना केंद्रों पर गणना का काम पूरा हो गया था। 
विज्ञापन


 जिले में प्रधान के 569 पद के सापेक्ष 5103 एवं सदस्य के 881 पदों के सापेक्ष 2115 प्रत्याशी थी। नौ मतगणना केंद्रों पर रविवार सुबह  पांच बजे से अधिकारी एवं स्टाफ पहुंचना शुरू हो गया था। साढ़े छह बजे प्रवेश के साथ ही मतगणना का कार्य सुबह सवा सात बजे नौ केंद्रों की 260 टेबिलों पर शुरू गया। सदर ब्लाक की गणना सीएल जैन कालेज प्रांगण में सात बजे प्रारंभ हो गई। मतगणना केंद्रों पर एक पंचायत की गणना पूरी होने के साथ ही दूसरी पंचायत के गणना के एजेंटों को बुलाया गया। सीएल जैन कालेज प्रांगण के बाहर सुबह से भीड़ एकत्रित थी। एसडीएम सदर एवं सीओ प्रशिक्षु प्रेम प्रकाश व प्रभारी निरीक्षक दक्षिण श्रीप्रकाश यादव, रामगढ़ प्रवेश कुमार ने पुलिस बल के साथ बाहर जमा भीड़ को हटाया।

माइक से माध्यम से एसडीएम ने कालेज की छत पर जमी भीड़ को हटने के निर्देश दिए। जसराना की गणना नगर आयुक्त रामौतार रमन, सीओ सदर जगदीश सिंह एवं आरओ जिला उद्यान अधिकारी बलजीत सिंह के निर्देशन में चली। कार्मिकों की व्यवस्था खुद एबीएसए तरुण कुमार ने संभाल रखी थी। डीएम विजय किरन आनंद, एसपी पीयूष श्रीवास्तव ने दौरा किया। नारखी ब्लाक की मतगणना आरआरएम इंटर कालेज बछगांव के प्रांगण में एडीएम कर्मेंद्र सिंह, एसपी सिटी उदय शंकर सिंह व आरओ पुष्कर बाबू के निर्देशन में हुई। हाथवंत के एसजीएम इंटर कालेज खैरगढ़ के बाहर काफी भीड़ थी। सीडीओ सुजीत कुमार एवं एसपी देहात संजय यादव व्यवस्थाएं संभाले थे। शिकोहाबाद के पाली इंटर कालेज एवं सिरसागंज स्थित दोनों कालेजों के बाहर काफी भीड़ जमा थी।
विज्ञापन


एसडीएम ने दी प्रधानों को नसीहत
फीरोजाबाद (ब्यूरो)। एसडीएम सदर डा.पंकज वर्मा ने प्रधान पद के प्रत्याशियों को प्रमाणपत्र देने के साथ पूरी ईमानदारी के साथ काम करने की सीख दी। साथ ही कहा कि यदि मनमानी कर धन को हड़पा तो फिर पांच वर्ष तक जेल से बाहर नहीं निकलने दूंगा। उन्होंने कहा कि जो दो बार से प्रधान बने हैं उनकी तो मैं जांच कराऊंगा ही।

नाश्ता वितरण के दौरान हुआ विवाद
फीरोजाबाद(ब्यूरो)। सीएल जैन कालेज प्रांगण में सुबह क्षेत्रीय खाद्य एवं विपणन अधिकारी ध्रुवेंद्र कुमार यादव नाश्ता का वितरण करा रहे थे। कालेज में ड्यूटी पर तैनात दारोगा ने ध्रुवेंद्र के साथ अभद्रता कर दी। उन्होंने एसडीएम सदर से शिकायत की।

सुलेखा को मिला पहला प्रमाणपत्र
फीरोजाबाद (ब्यूरो)। जिले में सबसे पहला परिणाम सदर ब्लाक की ग्राम पंचायत गाजीपुर की प्रधान सुलेखा देवी का आया। एसडीएम सदर डा.पंकज वर्मा, बीडीओ, आरओ राजेश मिश्रा ने सुलेखा को प्रमाणपत्र प्रदान किया। इसी के साथ परिणाम आने का सिलसिला प्रारंभ हो गया।


नशे में था कर्मचारी, पुलिस को सौंपा
जसराना(ब्यूरो)। जसराना ब्लाक की एलआर डिग्री कालेज में चली मतगणना के दौरान सुबह सात बजे संतोष कुमार नाम का गणना कर्मचारी नशे की हालत में मिला। एबीएसए तरुण कुमार ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया।

ग्रामीण को हिरासत में लेने पर पथराव
एका (ब्यूरो)। ब्लाक के मतगणना स्थल एसपीजी इंटर कालेज के बाहर से एक व्यक्ति को हिरासत में ले लिए जाने के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गए। पुलिस कर्मियों से नोकझोंक हुई। पुलिस ने ग्रामीण को नहीं छोड़ा तो समर्थकों ने पथराव कर दिया। करीब 20 मिनट तक ही पथराव हुआ। जवाब में पुलिस कर्मियों ने भी पथराव कर दिया। इससे भगदड़ मच गई।

जिला पंचायत सदस्य का चुनाव हारीं, प्रधानी जीतीं
एका (ब्यूरो)। जिला पंचायत सदस्य के वार्ड संख्या सात से चुनाव लड़ी रेखा देवी तथा उनके पति गुड्डू यादव वार्ड आठ से जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़े थे। ये चुनाव दोनों हार गए थे। लेकिन ग्राम पंचायत सिंहपुर की जनता ने उनका साथ दिया और प्रधान पद पर रेखा देवी ने जीत हासिल की।

बंद किया मार्ग
जसराना (ब्यूरो)। एलआर डिग्री कालेज में मतगणना होने के कारण शिकोहाबाद जसराना मार्ग पूरी तरह से बंद कर दिया गया था। बैरीकेडिंग लगाकर बाहर भीड़ व वाहनों को रोका जा रहा था। वाहनों को कालेज के पीछे से ही निकालने की व्यवस्था की थी।

फूलों की नहीं आर्टिफिशियल मालाओं का प्रयोग
जसराना(ब्यूरो)। कसबा में प्रधान का चुनाव जीतने के बाद प्रत्याशियों को फूलों की जगह आर्टिफिशियल मालाओं को पहनाया जा रहा था।

वाहन खड़े करने को नहीं मिली जगह
जसराना/नारखी/एका/खैरगढ़। दूर दराज ग्रामीण अंचल के प्रत्याशी मतगणना केंद्रों पर निजी अथवा किराए के वाहनों के साथ पहुंचे। कोई ट्रैक्टर लेकर तो कोई टाटा मैजिक व कार से मतगणना केंद्र पर पहुंचा। नारखी ब्लाक के आरआरएम इंटर कालेज, खैरगढ़ के एसजीएम इंटर कालेज प्रांगण तथा एका के एसपीजी इंटर कालेज एवं जसराना के एलआर इंटर कालेज प्रांगण के बाहर इसी तरह का नजारा देखने को मिला। हालांकि वाहन खड़े करने तक को जगह नहीं मिली।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें