फिरोजाबाद ! बछगांव में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्?
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद/नारखी। अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रवीन भाई तोगड़िया ने 2022 के चुनाव पर बात करते हुए कहा कि आज राजनीति का हिंदूकरण हो गया है। पहले राजनीतिक दलों में धर्मनिरपेक्ष बनने की प्रतिस्पर्धा थी लेकिन आज हिंदू बनने की स्पर्धा है। राहुल गांधी कहते हैं कि मैं हिंदू हूं। अखिलेश यादव कहते हैं कि काशी के विकास में मेरा सहयोग है। ममता बनर्जी चंडी पाठ कर रही है। योगी अयोध्या जा रहे हैं। ऐसे में 2022 में जो भी जीतेगा वह ही हिंदूवादी होगा।
डॉ. तोगड़िया आगरा जाने के दौरान बछगांव में बजरंग दल के जिलाध्यक्ष शुभम प्रताप सिंह के कृष्णा टाउन स्थित आवास पर पत्रकारों से मुखातिब थे। उन्होंने कहा हिंदू हित के लिए उनका संगठन काम कर रहा है। हिंदूओं को संगठित होकर अपने विकास पर ध्यान देना चाहिए। हिंदुओं की मदद के लिए देशभर में हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है। आगरा, मथुरा, दिल्ली, अहमदाबाद सहित अन्य क्षेत्रों में यदि कोई हिंदू परेशान है तो हेल्पलाइन नंबर 02066803300 मिलाने पर मदद पहुंचाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि उनके संगठन ने दस हजार चिकित्सकों को जोड़कर इंडिया हेल्पलाइन तैयार की है। ये हेल्पलाइन पैसा नहीं होने पर गरीब हिंदुओं का उपचार कराती है। इस दौरान राष्ट्रीय संगठन मंत्री ईश्वरी प्रसाद, क्षेत्रीय महामंत्री हरेंद्र कुमार, प्रांत महामंत्री अज्जू चौहान, मुनिराज सिंह, गणेश गुप्ता, शैंकी जादौन, अवधेश प्रताप सिंह उर्फ सप्पू प्रधान, मनोज जादौन आदि मौजूद रहे।