फिरोजाबाद ! बस स्टैंड पर खाली पड़ी टेबिल नहीं बैठी स्वास्थ्य विभाग की टीम
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। कोरोना का नया वैरिएंट ओमिक्रोन काफी खतरनाक है। इसको लेकर शासन ने अलर्ट जारी किया है। इसके बावजूद जिले का स्वास्थ्य विभाग और आम लोग लापरवाह बने हुए हैं। आलम यह है कि सार्वजनिक स्थल और बाहर से आने वालों की जांच में लापरवाही बरती जा रही। वहीं लोग भी सार्वजनिक स्थानों पर भी मास्क लगाने से बच रहे हैं।
कोरोना संक्रमण की जांच के के लिए प्रत्येक सार्वजनिक स्थलों पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से जांच टीम गठित करने का दावा किया गया है। हालांकि जिले के बस स्टैंड पर दावा हवाहवाई साबित हो रहा है। सोमवार दोपहर 12 बजे से 12 बजकर 40 मिनट तक रोडवेज के मुख्य गेट पर स्वास्थ्य विभाग अथवा रोडवेज विभाग की ओर से कोई जांच नहीं की जा रही थी। यात्रीगण बिना किसी रोक-टोक के आते-जाते नजर आए। आसपास के दुकानदारों का कहना था कि कभी-कभी टीम जांच के लिए आती है।
वहीं रेलवे स्टेशन पर भी जांच में लापरवाही बरती जा रही है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग का तर्क है कि जांच में पुलिस का सहयोग न मिलने से बहुत कम लोगों की ही जांच हो पा रही है। कुछ लोग जांच कराने से मना कर देते हैं। इस कारण रेलवे स्टेशन पर जांच प्रभावित हैं।
कोरोना की जांच लगातार कराई जा रही है। बस स्टैंड व रेलवे स्टेशन पर भी टीम को तैनात किया गया है। ट्रेन आने के समय टीम मौके पर मौजूद रहती है। रोडवेज बस स्टैंड पर यदि टीम नहीं पहुंची है तो जांच कराई जाएगी।
डॉ. दिनेश प्रेमी, सीएमओ