फिरोजाबाद। थाना उत्तर क्षेत्र की स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की मुख्य शाखा के बाहर से बाइक मोड़ते समय बैग में रखी एक लाख रुपये व कागजातों से भरी थैली बदमाश निकालकर ले गया। जब पीड़ित को इसकी जानकारी हुई तो डायल 112 पुलिस को सूचना देकर सीसीटीवी कैमरे चेक कराए गए। जिसमें एक युवक थैली निकालते नजर आ रहा है।
थाना दक्षिण के चंद्रवार गेट निवासी गजेंद्र सिंह ने बताया कि 27 जून दोपहर करीब एक बजे पिता किशन मुरारी बघेल के साथ उत्तर थाना क्षेत्र स्थित एसबीआई बैंक की मुख्य शाखा से एक लाख रुपये पेंशन की रकम में से निकाले थे। जो किसी जरूरी काम के लिए निकाले गए थे। रुपये निकालकर एक थैली में कागजातों के साथ रखकर बाइक के बैग में रख दिए थे। जैसे ही बाइक मोड़ रहे थे। तभी एक बदमाश आया और बैग से थैली खींचकर भाग गया।
पीड़ित जब घर पहुंचे तो घटना की जानकारी हुई। पीड़ित पुन: बैंक पहुंचा और डायल 112 पुलिस बुलाकर जानकारी दी। इसके बाद सीसीटीवी कैमरे चेक कराने पर युवक बाइक से थैली निकालते हुए दिख रहा था। दिनदहाड़े इस घटना से सनसनी फैल गई। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
अधिवक्ता की कार का शीशा तोड़कर चोरी किया था बैग
उत्तर क्षेत्र में बैंक के बाहर यह पहली घटना नहीं है। करीब 15 दिन पहले क्लब चौराहे के समीप स्थित बैंक के बाहर खड़ी अधिवक्ता की कार का शीशा तोड़कर बैग चोरी कर ले गए थे। जिसमें जरूरी दस्तावेज भी थे। पुलिस ने उस मामले में कार्रवाई इस कारण नहीं की चूंकि पीड़ित द्वारा शिकायती पत्र नहीं दिया गया था।