फिरोजाबाद। जिलाधिकारी ने एक बैठक के दौरान जल जीवन मिशन एवं हर घर जल परियोजनाओं से जुडे़ कार्यों के अलावा सांसद आदर्श ग्राम योजनांतर्गत चिह्नित पंचायतों में पेयजल से जुडे़ कार्यों को पूर्ण कराने के निर्देश दिए। डीएम ने लोगों को स्वच्छ पीने का पानी उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
डीएम चंद्र विजय सिंह सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में पेयजल परियोजनाओं से जुडे़ मामलों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने पूर्व में संचालित पुनर्गठित पाइप पेयजल परियोजनाओं के माध्यम से हर घर जल योजना के तहत लोगों को आर्सेनिक, फ्लोराइडमुक्त पेयजल उपलब्ध कराने पर जोर दिया। एक्सईएन जल निगम ने बताया कि उक्त योजनान्तर्गत जिले में चिह्नित 62 ग्रामों में एनसीसी प्राइवेट लिमिटेड तेलगांना द्वारा कार्य प्रारम्भ करा दिया गया है। डीएम ने पंचायती राज विभाग के अफसरों को ग्राम विकास योजना तैयार कराते समय भूगर्भ जल संरक्षण के बिंदु पर खास गौर करने की हिदायत दी। इस बाबत खास एक्शन प्लान पर भी डीएम का जोर रहा। बैठक में सीडीओ चर्चित गौड़, डीडीओ राजेश कुरील, एक्सईएन जल निगम ओमवीर दीक्षित, सहायक अभियंता भूगर्भ जल विभाग आरपी सिंह आदि के अतिरिक्त जिला पंचायत राज अधिकारी नीरज कुमार सिन्हा मौजूद रहे।