फिरोजाबाद। आम बजट पर व्यापारियों ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की दरों का सीधा असर व्यापार और महंगाई पर पड़ता है। बजट में कोई प्रावधान ऐसा नहीं दिखता जिससे महंगाई कम हो। सरकार ने पेट्रोल पर 2.50 रुपये और डीजल पर चार रुपये कृषि सेस लगाया है। व्यापारियों ने कहा कि भले ही सरकार यह कहे कि इसका असर आम जनता पर नहीं तेल कंपनियों पर पडे़गा लेकिन तेल कंपनियां इसका बोझ आम जनता पर ही डालेंगी।
बजट संतुलित है लेकिन पेट्रोल डीजल पर कृषि सेस का असर आम व्यापार पर पडे़गा। कोरोना काल में जिस तरह के राहत भरे बजट की उम्मीद थी वैसा नहीं हुआ है। टैक्स में भी कोई छूट नहीं दी गई है। बजट महंगाई बढ़ाने वाला है।
नरेंद्र शर्मा, जिलाध्यक्ष व्यापार मंडल
बजट मध्यम वर्गीय व्यापारियों के हित में नहीं है। डीजल के दामों में इजाफा होने से भाड़ा बढ़ेगा। इसका असर व्यापारियों के साथ आम पब्लिक पर भी पड़ेगा। कच्चे तेल के दाम गिरने पर डीजल के दाम भी कम होने चाहिए लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
प्रदीप कुमार अग्रवाल - व्यापारी
कोरोना काल के बीच सरकार ने ऐसा ने राहतभरा बजट पेश किया है। जीडीपी कम होने के बाद भी सरकार ने हर वर्ग का ध्यान रखा है। ऐसा बजट आने की उम्मीद भी नहीं थी लेकिन सरकार का प्रयास काफी सराहनीय रहा है।
सुनील पैगोरिया, आढ़तिया