पूजा के दौरान श्रद्धालुओं के बीच मारपीट के बाद नसिया जी मंदिर परिसर में हड़कंप मच गया। पूजा कर रही महिला श्रद्धालु अपनी जान बचाकर भागी। मंदिर परिसर में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। मारपीट में एक श्रद्धालु के चोट भी लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए दो श्रद्धालुओं को गिरफ्तार कर लिया। वहीं घायल को जिला अस्पताल भेजा गया।
उत्तर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला लहरी कंपाउंड निवासी राजू जैन पुत्र सुरेंद्र जैन और मोहल्ला गंज निवासी मुकेश जैन पुत्र नेम चंद्र जैन अन्य श्रद्धालुओं के साथ नसिया जी मंदिर पूजा कर रहे थे। तभी दोनों के बीच मंत्र को लेकर विवाद हो गया। कहासुनी के बाद दोनों के बीच मारपीट हो गई। मारपीट के दौरान राजू जैन गंभीर रूप से घायल हो गए। राजू के घायल होते ही मंदिर परिसर में हड़कंप मच गया। महिला श्रद्धालुओं के साथ अन्य श्रद्धालु पूजा छोड़कर मंदिर से भाग खड़े हुए। सूचना पर एसएसआई उत्तर अर्जुन लाल वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल भेजकर मुकेश जैन और उसके साथी ललित जैन पुत्र प्रमोद जैन निवासी इंद्रानगर थाना उत्तर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने शांतिभंग की कार्रवाई की है।