पंचायतीराज विभाग के निदेशालय ने सामुदायिक शौचालयों का किया सत्यापन, नंबर गलत तो कहीं संचालकों का फोन मिला बंद, दो एडीओ पंचायत सहित 74 सचिवों को नोटिस
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। स्वच्छ भारत मिशन के तहत ग्रामीण अंचल में बनें सामुदायिक शौचालयों का संचालन सुचारू रूप से हो रहा है कि नहीं। इसका सत्यापन पंचायतीराज विभाग के निदेशालय में बनें कॉल सेंटर से किया गया। कॉल सेंटर की रिपोर्ट चौंकाने वाली है। कई संचालकों के फोन नंबर ही गलत फीड कर दिए गए हैं। कुछ के नंबर बंद मिलते हैं। कुछ ने उठाए तो बोले शौचालय बंद चल रहा है। सीडीओ चर्चित गौड के निर्देश पर डीपीआरओ ने एका,अरांव के एडीओ पंचायत सहित 74 पंचायतों के सचिवों को नोटिस जारी किया है।
जिले के एका ब्लॉक के एडीओ पंचायत सुरेशचंद्र हितैषी को जारी किए नोटिस में डीपीआरओ नीरज कुमार सिन्हा ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत सामुदायिक शौचालयों के खोले जाने की स्थिति पंचायतीराज निदेशालय के कॉल सेंटर से ली गई। इसमें अधिकांश ग्राम पंचायतोंमें सामुदायिक शौचालयों को नहीं खोले जाने की रिपोर्ट मिली है। कई गांवों में केयर-टेकर को मानदेय का भुगतान नहीं किया है। एडीओ पंचायत से बुधवार को दोपहर एक बजे तक स्पष्टीकरण मांगा है। एडीओ पंचायत अरांव लक्ष्मीनरायन के क्षेत्र में लखनऊ स्थित काल सेंटर से कॉल की तो अकबरपुर सराय, असवाई एवं आजमाबाद अरांव के मोबाइल नंबर गलत निकले। वनीपुरा एवं भदेसरा के फोन नंबर बंद जाते रहे। एका ब्लॉक में देखने को मिली। नारखी ब्लाक की गौंछ,गढ़ी रंछोर,भीकनपुर मेघपुर,पचवान सहित 12 ग्राम पंचायतों के सचिवों,मदनपुर ब्लाक की ग्राम पंचायत बछेला-बछेली एवं लखनई सहित छह पंचायतों,हाथवंत ब्लाक के खैरगढ़,नगला खैय्यातान,श्यावरी,चिरावली सहित 14 ग्राम पंचायतों के सचिवों को नोटिस जारी किए हैं। वहीं शिकोहाबाद ब्लाक के साढ़ूपुर सहित सात,एका की कैलई,रुहासी व मधीपुर,फिरोजाबाद ब्लॉक की ऊंधनी,जरौली खुर्द,जसराना ब्लाक की 17 ग्राम पंचायतों के सचिव तथा टूंडला ब्लॉक के मदावली,देवखेड़ा सहित 11 पंचायतों के सचिवों को नोटिस जारी किए गए हैं। डीपीआरओ नीरज कुमार सिन्हा ने कहा कि जल्द स्पष्टीकरण नहीं देने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।