फिरोजाबाद। अति कुपोषित बच्चों के इलाज के लिए शिकोहाबाद में संचालित एनआरसी पर तमाम अव्यवस्थाएं हैं। एनआरसी पर अतिकुपोषित बच्चों की देखभाल के लिए न्यूट्रीशियन एवं बालरोग विशेषज्ञ तक नहीं है। गत दिवस निरीक्षण के दौरान मिलीं खामियों के सुधार को जिला कार्यक्रम अधिकारी ने सीएमओ को पत्र लिखा है।
जिला में अति कुपोषित बच्चों की उचित देखभाल एवं उपचार के लिए एनआरसी केंद्र को जिला अस्पताल से शिकोहाबाद स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर स्थानांतरित कर दिया है। लेकिन वहां पर व्यवस्थाएं सुचारु नहीं हैं। बीते दिनों डीपीओ आभा सिंह ने निरीक्षण के दौरान कई तरह की खामियां पकड़ी। निरीक्षण के दौरान एनआरसी पर न्यूट्रीशियन स्पेशलिस्ट एवं बाल रोग विशेषज्ञ की तैनाती नहीं होने की बात सामने आई।
केंद्र पर महज एक बालक भर्ती मिला। लेकिन उसे भी समुचित उपचार नहीं मिलने की शिकायत मिली। डीपीओ द्वारा सीएमओ को भेजी निरीक्षण आख्या के मुताबिक निरीक्षण के समय यूनीसेफ द्वारा नामित तकनीकी सहायक ममता पाल बगैर सूचना अनुपस्थित थीं। डीपीओ ने सीएमओ को लिखे अपने पत्र में अनुपस्थित कर्मचारी के विरुद्ध समुचित कार्रवाई एवं व्यवस्था सुधार के लिए कहा है।