बिना पास किसी को नहीं मिल सकेगा प्रवेश
- फोटो : Amar Ujala
जिले की 1142 छात्राओं को 16 अगस्त को होने वाले कन्या विद्या धन वितरण स्थल एमजी कालेज का डीएम राजेश प्रकाश व एसएसपी अशोक कुमार शर्मा ने ने निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक करके चाक चौबंद व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए। कहा कि कार्यक्रम स्थल पर छात्राओं का मोबाइल ले जाना प्रतिबंधित रहेगा। कोई काले कपड़े पहनकर प्रवेश नहीं करेगा। टोकन होने पर ही छात्राओं को प्रवेश दिया जाए।
डीएम राजेश प्रकाश एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार शर्मा, सीडीओ कर्मेंद्र सिंह के साथ शनिवार को पूर्वाह्न करीब 11 बजे एमजी कालेज प्रांगण पहुंचे। उन्होंने कन्या विद्या धन वितरण समारोह स्थल (हाल) का निरीक्षण किया। डीएम ने कहा एक कतार में 30 छात्राओं को ही बैठाने की व्यवस्था की जाए। ऐसी करीब 40 कतारें बनेंगी। प्रत्येक कतार में बैठने वाली छात्राओं को चेक बांटने के लिए स्टाफ को तैनात करें। उन्होंने डीआईओएस को निर्देश दिए कि टोकन के हिसाब से सीटिंग प्लान तैयार कर लिया जाए। इसको कालेज के गेट पर चस्पा कराने के साथ ही हाल के मुख्य गेट पर लगाया जाए ताकि छात्राओं को अपनी सीट पर जाने में कोई दिक्कत न हो। उन्होंने कहा कि कालेजों के प्रधानाचार्य, मीडिया, स्टाफ के साथ एमजी एवं तिलक कालेज के स्टाफ को पास जारी करने के आदेश दिए। एसएसपी ने कहा कि कार्यक्रम स्थल के आस-पास कोई असामाजिक तत्व नहीं सक्रिय होना चाहिए। कोई काले कपड़े पहनकर नहीं आए। डीएम ने वाहनों के पार्किंग स्थल के साथ ही कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई करने के निर्देश नगर आयुक्त को दिए। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त की रात्रि को नौ बजे रिहर्सल किया जाएगा। बैठक में डीआईओएस रवींद्र सिंह, एसपी सिटी संजीव वाजपेयी, एडीएम उदय सिंह, एसपी ग्रामीण अमर सिंह, नगर मजिस्ट्रेट सुरेंद्र बहादुर यादव, एसडीएम सदर रवींद्र मांदड़, महेंद्र सिंह, सत्यप्रकाश सिंह, संगीता देवी, सीओ सिटी ओमकार यादव, सीओ सदर राजेश चौधरी, जसराना संजय वर्मा, सिरसागंज दिनेश कुमार, श्यामकांत, एमजी कालेज की प्राचार्या निर्मला यादव, इंटर कालेज की पूनम प्रकाश मौजूद थीं।