फिरोजाबाद के सिरसागंज थाना क्षेत्र के अध्यापक नगर में सोमवार को बीज व्यापारी के कर्मचारी से हुई 10 लाख रुपये की सनसनीखेज लूट के मामले में मंगलवार तक पुलिस खाली हाथ रही। पुलिस की तीन विशेष टीमों ने लुटेरों का सुराग पाने के लिए आगरा, मैनपुरी, एटा और इटावा तक करीब 300 किलोमीटर की खाक छानी। पुलिस ने अब तक 250 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है, लेकिन लुटेरी युवती और उसके नकाबपोश साथियों का सटीक सुराग अब भी पुलिस की पहुंच से दूर है।
सोमवार सुबह 11 बजे गणेश ट्रेडर्स के कर्मचारी बंटी से तमंचे के बल पर हुई इस लूट ने पुलिस प्रशासन की नींद उड़ा दी है। पुलिस की टीमें न केवल फिरोजाबाद जिले, बल्कि पड़ोसी जिलों के सक्रिय लुटेरा गिरोहों और जेल से छूटे पुराने अपराधियों के रिकॉर्ड खंगाल रही हैं। पुलिस का मुख्य फोकस उस लुटेरी युवती पर है, जिसने फुर्ती से रुपयों भरा थैला झपटा था। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या आसपास के जिलों में ऐसा कोई नया गैंग सक्रिय हुआ है जिसमें महिला सदस्य शामिल हैं।