नेट कनेक्टिविटी न होने के कारण उपभाक्ताओं को बिजली का बिल जमा कराने में खासी दिक्क्त हुई
नेट कनेक्टिविटी नहीं होने के कारण गुरुवार सुबह उपभोक्ताओं को बिल जमा करने के लिए भटकना पड़ा। भीषण गर्मी में एसएन बिजलीघर पर लोग बिल जमा करने को घंटों लाइन में लगे रहे।
विद्युत विभाग की ऑनलाइन बिलिंग सेवा उपभोक्ताओं को राहत नहीं दे पा रही है। विभाग द्वारा बिल जमा कराने को प्राइवेट कंपनियों की नेट व्यवस्था की गई है, लेकिन आए दिन नेट कनेक्टिविटी फेल होने के कारण उपभोक्ताओं को परेशानी उठानी पड़ती है। नेट की समस्या होने के बावजूद विभाग द्वारा स्थायी समाधान नहीं खोजा जा रहा है। हाईवे स्थित एसएन बिजलीघर पर प्रात: 10 बजे से बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं की अच्छी खासी भीड़ थी, लेकिन काउंटर न खुलने के कारण उपभोक्ताओं में बेचैनी बढ़ गई। बिजलीघर पर तैनात कर्मचारियों से पूछताछ की गई तो बताया कि नेट कनेक्टिविटी नहीं है। वहीं कुछ कर्मचारी बिजली न होने का कारण भी बता रहे थे। भीषण गर्मी होने के बावजूद बिजलीघर पर उपभोक्ताओं की लंबी कतार लगी रही। बिल जमा न होने पर कई उपभोक्ताओं को बैरंग लौटना पड़ा। इस संबंध में अवर अभियंता अहमद हुसैन ने बताया कि प्रात: बिजली के साथ नेट की समस्या थी। ऐसे में उपभोक्ताओं के बिल जमा नहीं हो सके।