खाद्य विभाग की कार्रवाई के दौरान ढाबे पर पकड़े गए देशी शराब के पउबा।
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। ढाबों पर खराब गुुणवत्ता का भोजन परोसा जा रहा है। जनवरी माह में सात ढाबों से लिए गए दाल, मटर, लाल मिर्च और दही के नमूने जांच में असुरक्षित पाए गए हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग ने इन ढाबों को बंद कराया। एक ढाबे पर देसी शराब बरामद हुई। हाईवे किनारे खुले पंजाबी ढाबा से खाद्य सुरक्षा टीम ने दाल का नमूना लिया था। जांच के दौरान दाल में रंग की मिलावट पाई गई। यह मानव स्वास्थ्य के लिए असुरक्षित है। टीम ने पंजाबी ढाबे को सुधारात्मक कार्य के पूर्ण होने तक बंद कराया गया।
नव दुर्गा ढाबा, कैलाश ढाबा, न्यू मास्टर ढाबा, कान्हा ढाबा, न्यू अमन ढाबा और वैष्णो ढाबे से मिर्च, दही, मटर, पनीर आदि के नमूने लिए थे। सभी में मिलावट पाई गई और ये सभी मानव जीवन के लिए असुरक्षित पाए गए। ढाबा संचालकों को स़ुधार करने का शपथ पत्र खाद्य सुरक्षा विभाग को देना होगा। ढाबा बंद कराने पहुंची टीम ने दूषित पनीर, सलाद आदि भी नष्ट कराया। कैलाश ढाबा राजा का ताल से देसी शराब के क्वाटर मिले। खाद्य सुरक्षा अधिकारी बीएस कुशवाह ने जिला आबकारी अधिकारी को सूचना दे दी है। एक्साइज इंस्पेक्टर आरवी सिंह ने शराब जब्त कर कार्रवाई की।