फिरोजाबाद। ईद पर दो वर्ष बाद ईदगाह में नमाज अदा करने का मौका मिलेगा। कोरोना गाइडलाइन के चलते पिछले दो वर्ष से यहां नमाज अदा नहीं की गई। कमेटी ने ईदगाह प्रांगण में रंग-रोगन कराना शुरू करा दिया है। नमाजियों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है।
रमजान का पवित्र माह चल रहा है। पिछले दो वर्ष से ईद उल फितर एवं ईद उल अजहा की नमाज ईदगाह में अदा नहीं की गई। कोविड का प्रकोप कम होते ही ईदगाह कमेटी की ओर से जुमा अलविदा के साथ-साथ ईद उल फितर की नमाज की तैयारी चल रही है। ईदगाह प्रांगण में रंग रोगन के साथ ही सफाई का काम शुरू करा दिया है। बाउंड्रीवाल को भी ठीक कराया जा रहा है। ईदगाह कमेटी के सचिव इसरार अहमद ने बताया कि ईदगाह में इस बार जुमा अलविदा और ईद-उल फितर की नमाज अदा की जाएगी। परिसर की सफाई और रंग-रोगन का काम प्रारंभ करा दिया है।