नालबंद चौराहा स्थित चोक पड़ा नाला और पुलिया के नीचे लगे कूडे़ के ढेर
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। हाजीपुरा स्थित आगाशाह की मस्जिद से नालबंद चौराहा, मोहम्मदगंज, हुंडावाला बाग, उर्वशी तिराहा, राजपूताना होते हुए मालवीय नगर को जाने वाला नाला शहर के प्रमुख मार्ग नालों में है। एक मार्च से संचालित नाला सफाई अभियान के दौरान अभी तक नाले की सफाई कराने की सुध नगर निगम अधिकारियों को नहीं आई है।
मौसम विभाग मानसून के आने के संकेत जारी कर चुका है। इसके बाद भी नाला सफाई की ओर निगम अधिकारियों का ध्यान नहीं है। हाजीपुरा नाले से ही आधे से अधिक शहर का पानी यमुना में जाता है। नाला साफ न होने के कारण विभिन्न क्षेत्रों में जलभराव की समस्या होगी। इसको लेकर क्षेत्रीय लोगों ने नगर निगम अधिकारियों से नाले की मानसून की दस्तक से पूर्व सफाई कराने की मांग की है।
इन क्षेत्रों का नाले में आता है पानी
रसूलपुर नया व पुराना, हुंडावाला बाग, नालबंद क्षेत्र, झमइया टोला, होली वाली भट्ठी, शीतल खां, चौकी गेट, हाजीपुरा, बगिया मोहल्ला, राजपूताना, मालवीय नगर, उर्वशी रोड, आदर्श नगर के साथ दर्जनों मोहल्लों का पानी नाले में आता है।