फिरोजाबाद। 28 घंटे की मशक्कत के बाद बीते बुधवार देर रात नगला बरी स्थित उपरिगामी पेयजल टंकी के वॉल्व की मरम्मत का काम पूरा हो गया। बृहस्पतिवार की सुबह की पाली में जलापूर्ति बहाल होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
नगला बरी स्थित उपरिगामी पेयजल टंकी का वॉल्व बीते मंगलवार की सुबह खराब हो गया था। वॉल्व में आई खराबी के चलते करीब आधा दर्जन मोहल्ला के घरों में जलापूर्ति प्रभावित हो गई। वहीं करीब 28 घंटे तक चली कड़ी मशक्कत के बाद जलकल कर्मियों ने टंकी के वॉल्व को दुरुस्त करने में सफलता पाई।
उल्लेखनीय है कि वर्षों पुरानी पेयजल लाइन काफी गहराई में होने के कारण वॉल्व मरम्मत में बाधा आई। वहीं सहायक अभियंता रंजीत सिंह के मुताबिक बीते बुधवार की देर शाम वॉल्व मरम्मत के बाद बृहस्पतिवार की सुबह मोहल्ला सरजीवन नगर, नगला मिर्जा, ओम नगर, शीतल खां रोड आदि क्षेत्र के घरों में जलापूर्ति बहाल हो गई।