फिरोजाबाद/सिरसागंज। थाना सिरसागंज क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर जदुद्वारा के निकट खेत मंगलवार शाम शव मिला। देर रात शिनाख्त हुई। मृतक की पहचान बरेली जिले के फहीम अहमद के रूप में हुई है, जो सिरसागंज के आरपी कोल्ड स्टोर पर रहकर पल्लेदारी का काम करता था और बीते 8 नवंबर से लापता था। शव की हालत बेहद वीभत्स और क्षत-विक्षत होने के कारण सनसनी फैल गई । पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है और मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है।
सीओ चंचल त्यागी ने बताया कि मंगलवार शाम सिरसागंज पुलिस को सूचना मिली थी कि नेशनल हाईवे किनारे जदुद्वारा के पास खेतों में एक युवक का खून से लथपथ शव पड़ा है। शव की स्थिति बेहद खराब थी। चेहरे व गले पर खून के गहरे निशान थे। शुरुआती प्रयासों में शिनाख्त न होने पर पुलिस ने शव को मोर्चरी भिजवा दिया था।
देर रात जब आसपास के लोगों और मजदूरों में सुगबुगाहट फैली, तो आरपी कोल्ड स्टोर का एक अन्य पल्लेदार वहां पहुंचा। उसने मृतक के हुलिया और कपड़ों के आधार पर शव की शिनाख्त फहीम अहमद (35) पुत्र बाबू, निवासी बिलासपुर बस अड्डा, कस्बा शीशगढ़, जिला बरेली के रूप में की। मृतक फहीम आरपी कोल्ड स्टोर के पास ही रहकर पल्लेदारी करता था और 8 नवंबर से अचानक लापता हो गया था, जिसकी जानकारी स्थानीय स्तर पर भी थी। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट रूप से नहीं कहा जा सकता कि युवक की हत्या की गई है या किसी दुर्घटना में उसकी मौत हुई है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है और मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।