फिरोजाबाद। जिले में 25 प्रतिशत मुस्लिम आबादी वाले इलाकों में शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पेयजल से जुड़ी व्यवस्थाएं दुरुस्त की जाएंगी। प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के तहत अल्पसंख्यक कल्याण विभाग ने जिले के विभिन्न निकाय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कुल 31 क्लस्टर निर्धारित कर करीब 28 करोड़, 67 लाख रुपये का प्रस्ताव स्टेट लेबिल कमेटी को अनुमोदन के लिए भेजा है।
प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के तहत जिले के विभिन्न हिस्सों में 25 प्रतिशत मुस्लिम आबादी बहुल इलाकों में स्वच्छ पेयजल के उचित प्रबंध ,परिषदीय और सहायता प्राप्त स्कूलों में स्मार्ट क्लास का आयोजन एवं स्वास्थ्य केंद्रों को उच्चीकृत किए जाने की योजना है। इसके लिए पूरे जिले में मुस्लिम आबादी के लिहाज से कुल 31 क्लस्टर बनाए गए हैं।
इनमें छह कलस्टर ग्रामीण क्षेत्रों में, 17 क्लस्टर नगर निगम फिरोजाबाद और शेष एका, शिकोहाबाद एवं अन्य तहसील क्षेत्रों में बनाए गए हैं। इन क्लस्टरों से जुडे़ मोहल्लों में मुस्लिम आबादी कुल आबादी के सापेक्ष 25 प्रतिशत से अधिक है। खास बात यह है कि इन सभी क्लस्टरों में अन्य 27 बिंदुओं पर भी विकास कार्यों को गति दी जाएगी। इसमें सड़क व नाली निर्माण कार्य भी शामिल हैं।
स्टेट लेबिल कमेटी को भेजा 28 करोड़ से ज्यादा का प्रस्ताव
जिला स्तरीय कमेटी द्वारा योजना के तहत निर्धारित क्लस्टरों में शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए कुल 28 करोड़, 67 लाख रुपये की कार्य योजना तैयार की है। इस कार्य योजना को अनुमोदन के लिए शासन को अग्रसारित किया गया है।
जितेंद्र कुमार, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी