फिरोजाबाद। थाना नारखी के गांव गढ़ी कल्याण में किसान की ट्रैक्टर चढ़ाकर हत्या व कब्जा हटवाने गई टीम पर हमला करने के मुख्य आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। हत्यारोपी को घायल अवस्था में सरकारी ट्राॅमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें आसपास के जिलों में दबिश दे रही थीं। सूचना पर एसपी सिटी सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।
गांव फतेहपुरा निवासी 67 वर्षीय जगदीश पाल सिंह व उनके परिवार के सदस्य मंगलवार को तहसील और पुलिस फोर्स की टीम के साथ जमीन पर कब्जा प्राप्त करने गए थे। इस बीच गांव के एक परिवार के लोगों ने पुलिस फोर्स और जगदीश पाल पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया था। घटना में घायल जगदीश पाल की मौत हो गई थी। महिला कांस्टेबल कोमल व राधा घायल हो गई थीं। पुलिस ने 6 लोगों को नामजद करते हुए मुकदमा दर्ज किया।
वहीं घटना के तीन आरोपी नेत्रपाल, सतवेंद्र और कोमल को बृहस्पतिवार को जेल भेज दिया था। पुलिस टीमें मुख्य आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। शनिवार को पुलिस को सूचना मिली कि मुख्य आरोपी कहीं भागने की फिराक में जोंधरी रोड पर मौजूद है। सूचना पर थाना नारखी, थाना रामगढ़ और एसओजी की टीम ने आरोपी का घेराव किया। इसी बीच आरोपी से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में इंद्रपाल पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी को घायल अवस्था में ही ट्राॅमा सेंटर में भर्ती कराया है।
मंगलवार को गली कल्याण में ट्रैक्टर चलाकर रिटायर्ड उद्यान इंस्पेक्टर की हत्या की गई थी। घटना के मुख्य आरोपी को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को घायल अवस्था में सरकारी ट्राॅमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें कार्य कर रही हैं।
–सर्वेश मिश्र, एसपी सिटी