थाना रसूलपुर पुलिस के शिकंजे में सूरजपाल हत्याकांड के हत्यारोपी। अमर उजाला
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। थाना रसूलपुर क्षेत्र के भूसा व्यापारी की बांदा जिले में लूट के बाद की गई हत्या के मामले में पुलिस ने खुलासा कर दिया है। आरोपियों ने व्यापारी के शव को बांदा जिले के कमसिन थाना क्षेत्र में संकरी पुलिया के नीचे छिपाया था।
फतेहपुर जिले से मंगलवार को तीन आरोपी गिरफ्तार किए थे। पुलिस बुधवार को आरोपियों को फिरोजाबाद लाई।
थाना रसूलपुर क्षेत्र के किशन नगर गली नंबर तीन निवासी सूरजपाल भूसा का व्यापार करते थे। नौ मई 2019 को जिला फतेहपुर थाना थरियावा दिहुली निवासी पिंटू, थाना खाका पुराना बिजली घर के पीछे बैरागी का पुरवा निवासी धीरेंद्र, आकिलपुर निवासी रामलखन, जिला कौशांबी थाना सैनी क्षेत्र के दारानगर निवासी महावीर सस्ता सामान दिलाने के बहाने सूरजपाल को बुलाकर ले गए थे।
व्यापारी की जेब में एक लाख रुपये से अधिक कैश था। उपरोक्त लोगों ने व्यापारी से धनराशि लूटने के साथ उसकी हत्या करने के बाद शव को बांदा जिले के कमसिन थाना क्षेत्र में रोड के किनारे संकरी पुलिया में छिपा दिया था। यहां व्यापारी के गायब होने की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। 15 मई को व्यापारी का शव बांदा पुलिस ने बरामद किया था। मामला दर्ज होने के बाद वह विवेचना बांदा से यहां थाना रसूलपुर ट्रांसफर कर दी गई थी। एसएचओ रसूलपुर बीडी पांडेय ने इस हत्या एवं लूट के मामले की विवेचना शुरू की।
लूट के उद्देश्य से की गई थी हत्या
थाना प्रभारी निरीक्षक रसूलपुर का कहना है सूरजपाल की हत्या लूट के उद्देश्य से हुई है। पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल फतेहपुर निवासी पिंटू, रामलखन व महावीर उर्फ लंबू को फतेहपुर के थाना खागा क्षेत्र के सुरजरई मोहल्ले में सुम्मेर के मकान से गिरफ्तार कर लिया। जबकि धीरेंद्र की गिरफ्तारी को टीम जुटी है। पुलिस ने व्यापारी से लूटा मोबाइल फोन एवं 8500 रुपये बरामद किए हैं।