फिरोजाबाद। शशांक उर्फ जुगनू पाठक के हत्यारोपी अंशु उर्फ गोविंद यादव को एसओजी टीम एवं थाना दक्षिण पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। इस दौान उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त तमंचा एवं एक खोखा बरामद किया है। एसपी सिटी मुकेशचंद्र मिश्र ने बताया कि पैसे के लेनदेन के कारण शशांक पाठक की हत्या की गई है। शंशाक फाइनेंस का काम करता था। अंशु से पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस ने हत्यारोपी पर 25 हजार का इनाम घोषित किया था।
एसपी सिटी मुकेशचंद्र मिश्र ने पत्रकारों से वार्ता के दौरान बताया कि थाना दक्षिण के सुहागनगर निवासी निखिल उर्फ शशांक उर्फ जुगुनू पाठक पुत्र जितेंद्र उर्फ जीतू पाठक की 25 सितंबर की शाम को सुहागनगर सेक्टर दो स्थित संजय पिंटू रोड पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्यारोपी अंशु उर्फ गोविंद यादव पुत्र दुरबीन सिंह यादव फरार हो गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए थाना दक्षिण पुलिस के साथ एसओजी प्रभारी कुलदीप सिंह गिरफ्तारी में जुटे थे। पुलिस ने हत्यारोपी की गिरफ्तारी पर 25 हजार के इनाम घोषित किया था।
सीओ सिटी हरिमोहन सिंह के निर्देशन में एसओजी प्रभारी कुलदीप सिंह, एसएचओ दक्षिण श्याम सिंह, इंस्पेक्टर क्राइम लालता प्रसाद दाऊ, एसएसआई अजय चक, एसआई थाना उत्तर जय सिंह टीम के साथ जुटे थे। इसी दौरान जैन मंदिर पेट्रोल पंप वाली गली से अंशु उर्फ गोविंद यादव आता दिखाई दिया। पुलिस ने घेराबंदी करके उसे गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि हत्यारोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त तमंचा एवं एक खोखा बरामद किया गया है।
‘शशांक पर लगाए गए थे झूठे मुकदमे’
फिरोजाबाद। भारतीय बाह्मण सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष संजय श्रोत्रिय ने कहा कि शशांक पाठक पर झूठे मुकदमे लगाए गए थे। इसके पीछे तत्कालीन एसएचओ का हाथ था। प्रदेश सचिव शिवम तिवारी ने कहा कि शशांक पाठक को हिस्ट्रीशीटर कहना गलत है। शशांक पर साजिश के तहत मुकदमे लिखे गए थे, जबकि वह व्यापार करता था। इस दौरान अमित उपाध्याय, मनीष पालीवाल, केशव पचौरी, सुरेन्द्र उपाध्याय, राधारमण राजौरिया, अजय भटेले, संदेश पचौरी अभिषेक भारद्वाज, शिवांशु पंडित, विजय शर्मा आदि मौजूद रहे। संवाद