फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Firozabad News: चलती ट्रेन से गिर गई मां, बिलखता रहा बच्चा, पांच दिन बाद झाड़ियों में मिला शव

Mon, 02 Nov 2026 12:07 AM IST
आगरा ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, फिरोजाबाद
विज्ञापन
सांकेतिक  - फोटो : सांकेतिक
विज्ञापन
सिरसागंज (फिरोजाबाद)। दिल्ली-प्रयागराज एक्सप्रेस से सफर के दौरान चलती ट्रेन से गिरकर 30 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई। पांच दिन बाद महिला का शव रविवार को सिरसागंज थाना क्षेत्र में जायमई के पास रेल पटरी के किनारे झाड़ियों में मिला। शव पूरी तरह गल चुका था जिसके चलते परिजन ने गोंडा जनपद स्थित पैतृक गांव ले जाने के बजाय फिरोजाबाद के जलेसर रोड स्थित श्मशान घाट में ही नम आंखों से अंतिम संस्कार कर दिया।
विज्ञापन

मूलरूप से जनपद गोंडा के नवाबगंज थाना क्षेत्र के दत्त नगर निवासी शिल्पा सिंह (30) सात वर्षीय बेटे संस्कार उर्फ रिशू के साथ 27 अक्तूबर को गाजियाबाद से कानपुर जाने के लिए दिल्ली-प्रयागराज एक्सप्रेस में सवार हुई थीं। पति अंकित गाजियाबाद स्थित एक कूरियर कंपनी में सुपरवाइजर हैं और हाल ही में उनका तबादला लखनऊ से गाजियाबाद हुआ है। शिल्पा बच्चे की छुट्टी के चलते पांच दिन पति के पास रहने के बाद वापस कानपुर लौट रही थीं। पति ने खुद उन्हें ट्रेन में बैठाया था। अंकित के मुताबिक, 27 अक्तूबर की रात करीब 1:55 बजे उनकी पत्नी से फोन पर बात हुई थी तब शिल्पा ने अपनी तबीयत खराब होने की बात कही थी।
सफर के दौरान जायमई के पास शिल्पा को अचानक उल्टी आने का अहसास हुआ, जिस पर वह बोगी के गेट की तरफ गईं। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह चलती ट्रेन से नीचे गिर गईं। काफी देर तक मां के न लौटने पर बोगी में अकेला बैठा सात वर्षीय मासूम रोने लगा। सहयात्रियों की सूचना पर आरपीएफ ने ट्रेन में तलाश की लेकिन महिला का कुछ पता नहीं चला। इसके बाद कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर बच्चे और मां के मोबाइल को आरपीएफ पोस्ट के सुपुर्द कर दिया गया। मोबाइल के जरिए सूचना मिलने पर मृतका के देवर आलोक ने कानपुर पहुंचकर बच्चे को सुरक्षित अपने सुपुर्द ले लिया था।
विज्ञापन


दुर्गंध आने पर झाड़ियों में मिला शव
घटना के बाद 28 अक्तूबर को फिरोजाबाद जीआरपी थाने में गुमशुदगी की सूचना दी गई थी। परिजन और जीआरपी लगातार इटावा तक पटरी किनारे तलाश कर रहे थे लेकिन महिला का कोई सुराग नहीं मिला। रविवार को शिकोहाबाद से जीआरपी टीम और मृतका के पति अंकित व देवर आलोक ने दोबारा तलाश शुरू की। सिरसागंज के जायमई के पास झाड़ियों से तेज दुर्गंध आने पर जब जाकर देखा गया तो वहां महिला का शव पड़ा था। सूचना पर पहुंची थाना सिरसागंज पुलिस ने पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कराई।

वर्जन
मृतका के परिजन के साथ जीआरपी टीम तलाश करते हुए आई थी। उन्हें शव मिला, जिसके बाद सूचना पर पहुंची सिरसागंज थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई।
- चंचल त्यागी, सीओ, सिरसागंज

28 अक्तूबर को प्राप्त सूचना के बाद से परिजनों के साथ मिलकर हमारी एक टीम महिला की तलाश कर रही थी। रविवार को टीम व परिजनों को तलाश के दौरान रेलवे पटरी किनारे झाड़ियों में दुर्गंध आने पर शव बरामद हुआ।
विज्ञापन

- शेर सिंह, जीआरपी प्रभारी, फिरोजाबाद
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें