जसराना। अलग-अलग जगहों पर आग लगने से 35 बीघा से अधिक गेहूं की फसल जल गई। दो भूसे की बुर्जी भी जलकर राख हो गई हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना के बाद भी दमकल मौके पर नहीं पहुंची। ग्रामीणों ने किसी प्रकार आग पर काबू पाया।
थाना एका क्षेत्र के गांव को़ंडरा में हाईटेंशन लाइन से निकली चिंगारी से गेहूं की फसल में आग लग गई। आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आसपास के खेतों में कार्य रहे लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया। दमकल को भी सूचना दी। पीड़ित रामखिलाड़ी ने बताया कि आग से दस से अधिक किसानों की 30 बीघा फसल जलकर राख हो गई है। ग्रामीणों ने किसी प्रकार आग पर काबू पाया। सूचना के बाद भी दमकल की गाड़ी नहीं पहुंची। गांव कुसुआमई में सौदान सिंह, वीरेश्वर, राय सिंह के खेत में आग लग गई। दमकल गाड़ी ने आग पर काबू पाया। बताया कि आग लगने से सात बीघा फसल जल गई है। नगला फतेह में आग से सुरेंद्र सिंह एवं नरेंद्र सिंह की भूसे की बुर्जी जल गई है।