फिरोजाबाद। परिषदीय विद्यालयों में सपोर्टिव सुपर विजन के लिए नए एकेडमिक रिसोर्स पर्सन (एआरपी) के लिए हुई लिखित चयन परीक्षा में 66 शिक्षक उत्तीर्ण हुए हैं। तीन शिक्षक पास होने में असफल रहे हैं। उत्तीर्ण शिक्षकों का माइक्रो टीचिंग के लिए आज बुलाया गया है।
तीन साल पूर्व चयनित हुए एआरपी का कार्यकाल खत्म होने के बाद वह सत्र के पहले दिन स्कूलों में पहुंच गए। नए एआरपी के चयन के लिए 28 मार्च को लिखित परीक्षा हुई थी। इसमें 69 शिक्षक शामिल हुए थे। पास हुए 66 शिक्षकों को माइक्रो टीचिंग के लिए दबरई के उच्च प्राथमिक विद्यालय में बुलाया गया है। हालांकि विषय अनुसार सभी ब्लॉकों में एआरपी चयन प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाएगी। विभाग संभवत: दूसरी चयन प्रक्रिया भी शुरू करेगा। बीएसए आशीष पांडेय ने लिखित परीक्षा में उत्तीर्ण हुए परीक्षार्थियों की सूची जारी कर दी। बीएसए ने बताया कि नए एआरपी का चयन जल्द ही हो जाएगा। 47 एआरपी, जिनका कार्यकाल खत्म हो गया था। वह अपने मूल विद्यालय पहुंच गए हैं।